
India Pakistan Final Controversy: ढाका में बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हुए दृष्टिबाधित एशिया कप क्रिकेट फाइनल ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला नहीं हो सका, लेकिन पाकिस्तान को विजेता घोषित कर दिया गया। इस फैसले के विरोध में भारतीय टीम ने पुरस्कार वितरण समारोह का बहिष्कार किया। भारतीय खिलाड़ियों और अधिकारियों का आरोप है कि टूर्नामेंट की तकनीकी समिति ने पहले दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करने का फैसला लिया था, जिसे बाद में बदल दिया गया।
भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (CABI) ने पाकिस्तान को एकतरफा चैंपियन घोषित किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। संघ का कहना है कि यह फैसला टूर्नामेंट के नियमों के खिलाफ है और भारत को भी संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था। इस पूरे मामले में वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (PBCC) के प्रमुख सैयद सुल्तान शाह की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
बारिश के कारण फाइनल मुकाबला रद्द होने के बाद WBCC की तकनीकी समिति ने शुरुआत में टूर्नामेंट के नियमों के सेक्शन 27 के तहत भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित करने का फैसला किया था। हालांकि, CABI का आरोप है कि सैयद सुल्तान शाह के हस्तक्षेप के बाद इस फैसले को बदल दिया गया और पाकिस्तान को अकेले विजेता घोषित कर दिया गया।
भारतीय संघ ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेहतर नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को चैंपियन घोषित करना उचित नहीं है। भारतीय अधिकारियों का आरोप है कि सुल्तान शाह ने WBCC और PBCC दोनों का प्रमुख होने का फायदा उठाया और अपने पद का दुरुपयोग किया।
CABI के महासचिव शैलेंद्र यादव और अध्यक्ष महंतेश जीके ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि भारत को संयुक्त विजेता का दर्जा नहीं दिया गया, तो भारतीय टीम भविष्य में अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर सकती है।
भारत ने 18 नवंबर को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। बांग्लादेश ने भारत के सामने 124 रनों का लक्ष्य रखा था। भारतीय बल्लेबाज सुनील रमेश ने नाबाद 63 रनों की शानदार पारी खेली और टीम ने 13.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में भी भारत ने श्रीलंका को 179 रनों से हराया था।
भारतीय क्रिकेट और पाकिस्तान के बीच ट्रॉफी को लेकर विवाद पहले भी सुर्खियों में रहा है। 2025 के पुरुष ICC एशिया कप फाइनल और 2026 के महिला एशिया कप फाइनल में भारत की जीत के बाद भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था।
2025 में मोहसिन नकवी ट्रॉफी लेकर मंच से चले गए थे, जिसके बाद काफी विवाद हुआ। वहीं, 2026 में आधिकारिक तौर पर ट्रॉफी का वितरण नहीं हो पाया। अब दृष्टिबाधित एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को विजेता घोषित किए जाने के फैसले ने एक बार फिर दोनों देशों के बीच क्रिकेट विवाद को हवा दे दी है।