FIFA World Cup 2026: फुटबॉल के महाकुंभ के लिए तैयार हैं 16 शानदार स्टेडियम, देखें पूरी लिस्ट

Published : Jun 10, 2026, 09:38 AM IST
fifa world cup

सार

23वां फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट के लिए 16 स्टेडियम तैयार किए गए हैं। जानें इन स्टेडियमों की खासियत, सीटिंग कैपेसिटी और वहां होने वाले मैचों की संख्या।

दुनिया 23वें फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप का बेसब्री से इंतज़ार कर रही है। इस बार अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा मिलकर इस सबसे बड़े टूर्नामेंट की मेज़बानी कर रहे हैं। 48 टीमों के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबलों के लिए इन 3 देशों के कुल 16 स्टेडियम तैयार हैं। आइए जानते हैं इन स्टेडियमों की खासियत क्या है, किसमें कितने मैच होंगे और उनकी सीटिंग कैपेसिटी कितनी है।

1. डलास स्टेडियम, अमेरिका

सीटिंग कैपेसिटी: 94,000 । मैच: 9

यह एक अनोखा स्टेडियम है जिसे 1,225 और 1,290 फीट लंबे दो विशाल स्टील के मेहराबों (arches) से बनाया गया है। इसकी छत खुल और बंद हो सकती है। तेज़ धूप या बारिश के वक्त छत को बंद करने का सिस्टम है। यह इस वर्ल्ड कप का सबसे ज़्यादा सीटिंग कैपेसिटी वाला स्टेडियम है और यहीं सबसे ज़्यादा मैच भी होंगे।

2. मैक्सिको सिटी स्टेडियम, मैक्सिको

सीटिंग कैपेसिटी: 83,000 । मैच: 5

यह दुनिया का पहला स्टेडियम होगा जो तीन फीफा वर्ल्ड कप (1970, 1986, 2026) की मेज़बानी करेगा। कई ऐतिहासिक मैचों का गवाह रहा यह स्टेडियम फुटबॉल इतिहास में एक खास जगह रखता है। यह समुद्र तल से 2,240 मीटर की ऊंचाई पर है और इसमें हाइब्रिड पिच है।

3. मेटलाइफ स्टेडियम, अमेरिका

सीटिंग कैपेसिटी: 82,500 । मैच: 8 (फाइनल समेत)

इस बार फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल मैच इसी स्टेडियम में होगा। यह नेशनल फुटबॉल लीग (NFL) के मैचों का भी घर है। 2025 के फीफा क्लब वर्ल्ड कप का फाइनल भी यहीं हुआ था।

4. अटलांटा स्टेडियम, अमेरिका

सीटिंग कैपेसिटी: 75,000 । मैच: 8

इस स्टेडियम की छत कैमरे के अपर्चर की तरह खुलती और बंद होती है, जो इसे बेहद खास बनाती है। यहां 360-डिग्री हेलो वीडियो डिस्प्ले सिस्टम भी है। इसे 'स्पोर्ट्स आर्किटेक्चर का ताज' माना जाता है। एक सेमीफाइनल समेत यहां 8 मैच खेले जाएंगे।

5. कैनसस सिटी स्टेडियम, अमेरिका

सीटिंग कैपेसिटी: 73,000 । मैच: 6

यह स्टेडियम बिना छत के एक कटोरे (bowl) जैसा दिखता है। 2014 में एक NFL मैच के दौरान यहां मौजूद फैंस ने 142.2 डेसिबल का शोर मचाया था, जो एक गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इस बार यहां 6 मैच होंगे।

6. ह्यूस्टन स्टेडियम, अमेरिका

सीटिंग कैपेसिटी: 72,000 । मैच: 7

यह अमेरिका का एक और स्टेडियम है जिसकी छत ज़रूरत के हिसाब से खुल और बंद हो सकती है। यह इस सुविधा वाला पहला NFL स्टेडियम होने का गौरव रखता है। यह स्टेडियम 2002 में 3364 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ था।

7. सैन फ्रांसिस्को स्टेडियम, अमेरिका

सीटिंग कैपेसिटी: 71,000 । मैच: 6

यह दुनिया के सबसे हाई-टेक स्टेडियमों में से एक है। अपनी एडवांस टेक्नोलॉजी के कारण इसे 'स्मार्ट स्टेडियम' के नाम से भी जाना जाता है। यहां हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा है, जिससे 70,000 से ज़्यादा दर्शक एक साथ कनेक्ट हो सकते हैं।

8. लॉस एंजेलिस स्टेडियम, अमेरिका

सीटिंग कैपेसिटी: 70,000 । मैच: 8

कैलिफोर्निया के लॉस एंजेलिस में बना यह स्टेडियम खेल इतिहास का अब तक का सबसे महंगा स्टेडियम है। इसे बनाने में करीब 52.4 हज़ार करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। एरिया के हिसाब से भी यह NFL का सबसे बड़ा स्टेडियम है।

9. फिलाडेल्फिया स्टेडियम, अमेरिका

सीटिंग कैपेसिटी: 69,000 । मैच: 6

इस स्टेडियम का डिज़ाइन एक चील (eagle) से प्रेरित है। इसके पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड चील के पंखों की तरह डिज़ाइन किए गए हैं। इस वर्ल्ड कप में यहां कुल 6 मैच खेले जाएंगे।

10. सिएटल स्टेडियम, अमेरिका

सीटिंग कैपेसिटी: 69,000 । मैच: 6

यह भी अमेरिका का एक और स्टेडियम है जिसकी छत खुल और बंद हो सकती है। यहां के फैंस के शोर ने दो बार गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। यह इस वर्ल्ड कप के लिए अमेरिका के कम कैपेसिटी वाले स्टेडियमों में से एक है। यहां 6 मैच होने हैं।

11. बॉस्टन स्टेडियम, अमेरिका

सीटिंग कैपेसिटी: 65,000 । मैच: 7

यह NFL का इकलौता स्टेडियम है जिसे 100% प्राइवेट फंडिंग से बनाया गया है। इसमें 22 मंज़िला लाइटहाउस है, जो 218 फीट की ऊंचाई के साथ अमेरिका का सबसे लंबा लाइटहाउस है। इस वर्ल्ड कप में एक क्वार्टर फाइनल समेत कुल 7 मैच यहां होंगे।

12. मियामी स्टेडियम, अमेरिका

सीटिंग कैपेसिटी: 65,000 । मैच: 7

अमेरिका का यह स्टेडियम कई तरह के खेलों के लिए इस्तेमाल होता है। यह फॉर्मूला 1 मियामी ग्रां प्री (ट्रैक स्टेडियम के बाहर है), मियामी ओपन टेनिस, अमेरिकन फुटबॉल और बॉक्सिंग जैसे कई इवेंट्स की मेज़बानी करता है।

13. बी.सी. प्लेस स्टेडियम, कनाडा

सीटिंग कैपेसिटी: 54,000 । मैच: 7

यह कनाडा का एक बहुत ही प्रतिष्ठित स्टेडियम है। इसकी छत केबल के सहारे खुलती और बंद होती है। यह 2010 के विंटर ओलंपिक्स, विंटर पैरालंपिक्स और 2015 के फीफा महिला वर्ल्ड कप जैसे कई बड़े टूर्नामेंट्स की मेज़बानी कर चुका है।

14. एस्टाडियो मॉन्टेरी, मैक्सिको

सीटिंग कैपेसिटी: 53,500 । मैच: 6

यह दुनिया के सबसे खूबसूरत फुटबॉल स्टेडियमों में से एक है। इसकी सबसे बड़ी खासियत सैडल माउंटेन का शानदार नज़ारा है। इस खुले स्टेडियम से पर्वत श्रृंखला के खूबसूरत दृश्य देखे जा सकते हैं। इस वर्ल्ड कप में यहां 6 मैच होंगे।

15. एस्टाडियो ग्वाडलाहारा, मैक्सिको

सीटिंग कैपेसिटी: 48,000 । मैच: 4

यह स्टेडियम एक कृत्रिम पहाड़ी पर बनाया गया है और इसका डिज़ाइन ऐसा है मानो कोई ज्वालामुखी ज़मीन से ऊपर उठ रहा हो। इसका बाहरी हिस्सा घास से ढका है और सफेद छत बादल या धुएं का प्रतीक है। यह उन स्टेडियमों में से है जहां इस बार सबसे कम (4) मैच होंगे।

16. टोरंटो स्टेडियम, कनाडा

सीटिंग कैपेसिटी: 45,000 । मैच: 6

यह इस वर्ल्ड कप का सबसे कम सीटिंग कैपेसिटी वाला स्टेडियम है। 2007 में बना यह स्टेडियम कनाडा का पहला ऐसा स्टेडियम है जिसे खास तौर पर फुटबॉल के लिए ही बनाया गया था। 12 जून को यहां होने वाला कनाडा टीम का मैच, उस देश में खेला जाने वाला पहला फीफा वर्ल्ड कप मैच होगा।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

विराट कोहली के फैंस को दुखी करने वाली खबर, जिसका डर था वही हो गया
Nora Fatehi: FIFA वर्ल्ड कप 2026 में भारत की नुमाइंदगी, नए गाने 'Siir Siir' को लेकर हैं बेहद एक्साइटेड