
मेक्सिको सिटी: दुनिया भर के फुटबॉल फैंस का चार साल का लंबा इंतजार अब खत्म हो गया है। मैदानों पर अब जुनून और रोमांच का तूफान आने वाला है। फीफा वर्ल्ड कप का आज रात से आगाज़ हो रहा है। भारतीय समय के मुताबिक, रात 12.30 बजे होने वाले उद्घाटन मैच में मेजबान मेक्सिको का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।
यह फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा वर्ल्ड कप होने जा रहा है। पहली बार ऐसा हो रहा है कि तीन देश (अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको) मिलकर टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं। इस बार 48 टीमें खिताब के लिए जोर-आजमाइश करेंगी। 16 अलग-अलग वेन्यू पर कुल 104 मैच खेले जाएंगे। 48 टीमों को 12 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप दो टीमें और सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली आठ तीसरे नंबर की टीमें नॉकआउट राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। फुटबॉल की दुनिया के नए बादशाह का फैसला 19 जुलाई को न्यूयॉर्क में होने वाले फाइनल में होगा।
मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना अपना खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी, तो वहीं ब्राजील, फ्रांस, स्पेन और जर्मनी जैसी टीमें ताज वापस छीनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पुर्तगाल और नीदरलैंड्स अपने पहले वर्ल्ड कप के सपने के साथ मैदान में उतरेंगे, जबकि मोरक्को और जापान जैसी टीमें बड़ा उलटफेर करने का दम रखती हैं।
इस वर्ल्ड कप की एक और खास बात यह है कि यह कई दिग्गज खिलाड़ियों का विदाई टूर्नामेंट हो सकता है। लियोनेल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, नेमार जूनियर और लूका मॉड्रिच जैसे सुपरस्टार्स शायद आखिरी बार वर्ल्ड कप में खेलते दिखेंगे। वहीं, लामिन यमाल और निको पाज़ जैसे युवा तुर्कों के लिए यह अपनी चमक बिखेरने का एक बड़ा मौका हो सकता है। एक और दिलचस्प बात यह है कि अमेरिका में वर्ल्ड कप के मैच अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर हो रहे हैं।
मैच शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले एक शानदार उद्घाटन समारोह होगा। इस सेरेमनी का मुख्य आकर्षण मशहूर कोलंबियन सिंगर शकीरा होंगी। शकीरा इस मौके पर वर्ल्ड कप का ऑफिशियल गाना भी पेश करेंगी। उद्घाटन मैच मेक्सिको के ऐतिहासिक एज़्टेक स्टेडियम में हो रहा है, जहां फुटबॉल के महान खिलाड़ी पेले और माराडोना वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठा चुके हैं। इसके साथ ही, एज़्टेक स्टेडियम सबसे ज्यादा बार वर्ल्ड कप के उद्घाटन मैच की मेजबानी करने वाला स्टेडियम बन जाएगा।
मेक्सिको-दक्षिण अफ्रीका: आंकड़ों की बात करें तो यह दोनों टीमों के बीच पांचवां मुकाबला है। इससे पहले हुए मैचों में मेक्सिको ने 2 और दक्षिण अफ्रीका ने 1 मैच जीता है, जबकि एक मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ।