
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफाइनल लाइन-अप तय हो गया है। इंग्लैंड और अर्जेंटीना ने क्वार्टर फाइनल की मुश्किल चुनौतियों को पार कर फ्रांस और स्पेन के साथ टूर्नामेंट के अंतिम चार में जगह बना ली है। इंग्लैंड ने नॉर्वे पर 2-1 की रोमांचक जीत के साथ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। जूड बेलिंघम के दो गोलों की बदौलत टीम ने पिछड़ने के बाद वापसी की। एक्स्ट्रा टाइम के तीसरे मिनट में उनके निर्णायक गोल ने इंग्लैंड को देश के इतिहास में चौथी बार वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।
दिन के दूसरे मैच में अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड पर 3-1 की जीत के साथ सेमीफाइनल लाइन-अप को पूरा किया। यह मैच भी तय समय से आगे गया। डिफेंडिंग चैंपियन ने नॉकआउट स्टेज में अपना शानदार फॉर्म जारी रखा और नॉकआउट में अपनी तीनों जीतों में ठीक तीन-तीन गोल किए।
इन नतीजों के साथ दो बड़े सेमीफाइनल मुकाबले तय हो गए हैं, जिसमें फ्रांस का सामना स्पेन से और इंग्लैंड का मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना से होगा। हालांकि सभी चारों टीमों ने अपने-अपने ग्रुप में टॉप किया था, लेकिन हर टीम ने अंतिम चार तक पहुंचने के लिए एक अलग रास्ता तय किया है। फ्रांस-स्पेन सेमीफाइनल के विजेता का मुकाबला 20 जुलाई को भारतीय समयानुसार देर रात 12:30 बजे होने वाले फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड या अर्जेंटीना से होगा। दोनों हारने वाली सेमीफाइनलिस्ट टीमें तीसरे स्थान के लिए प्लेऑफ मैच खेलेंगी।
बाकी बची चार टीमों में फ्रांस का नॉकआउट अभियान सबसे दमदार और नियंत्रित रहा है। ग्रुप I में टॉप पर रहने के बाद, उन्होंने राउंड ऑफ 32 में स्वीडन पर 3-0 की शानदार जीत के साथ नॉकआउट दौर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने राउंड ऑफ 16 में पैराग्वे को 1-0 से हराया और फिर क्वार्टर फाइनल में मोरक्को को 2-0 से हराकर अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की। फ्रांस ने नॉकआउट स्टेज में एक भी गोल खाए बिना छह गोल किए हैं, जो दबाव में उनके रक्षात्मक अनुशासन और नियंत्रण को दिखाता है। करीबी मुकाबलों में भी, उनकी रणनीति मजबूत रही है, जबकि फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने जरूरत पड़ने पर अटैक में अपनी धार दिखाई है।
स्पेन ने ग्रुप H में टॉप पर रहने के बाद राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रिया पर 3-0 की शानदार जीत के साथ अपने नॉकआउट अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उनका रास्ता काफी चुनौतीपूर्ण हो गया। स्पेन ने राउंड ऑफ 16 के कड़े मुकाबले में पुर्तगाल को 1-0 से हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम को 2-1 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। स्पेन ने अपने तीन नॉकआउट मैचों में केवल एक गोल खाकर छह गोल किए हैं, जो सेमीफाइनल तक के सफर में उनकी रक्षात्मक मजबूती और निरंतरता को उजागर करता है।
इंग्लैंड का सेमीफाइनल तक का सफर बाकी टीमों की तुलना में कहीं ज़्यादा रोमांचक रहा है। ग्रुप L में टॉप करने के बाद, उन्होंने राउंड ऑफ 32 में डीआर कांगो को 2-1 से और फिर राउंड ऑफ 16 के पांच गोल वाले थ्रिलर में मेक्सिको को 3-2 से हराया। क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे ने और भी कड़ी चुनौती दी। इंग्लैंड शुरुआत में पिछड़ गया, तय समय में कई मौके गंवाए, और मैच एक्स्ट्रा टाइम में चला गया, जिसके बाद जूड बेलिंघम ने निर्णायक गोल दागकर 2-1 से वापसी वाली जीत दिलाई। इंग्लैंड ने अपने तीनों नॉकआउट मैच एक गोल के अंतर से जीते हैं, जो उनकी जुझारू क्षमता को दिखाता है। टीम ने नॉकआउट में सात गोल किए हैं लेकिन हर राउंड में गोल खाए भी हैं, जिससे उनका अभियान फ्रांस और स्पेन की तुलना में कम प्रभावी दिखता है।
अर्जेंटीना ने ग्रुप J में अपने तीनों मैच जीतकर नॉकआउट चरण में प्रवेश किया था। अर्जेंटीना का नॉकआउट अभियान भी उतना ही मुश्किल रहा है। उन्होंने राउंड ऑफ 32 में काबो वर्डे पर 3-2 की कड़ी जीत के साथ शुरुआत की, और फिर राउंड ऑफ 16 में मिस्र को भी इसी स्कोरलाइन से हराया। डिफेंडिंग चैंपियंस को क्वार्टर फाइनल में एक और कड़ी परीक्षा का सामना करना पड़ा, जहां स्विट्जरलैंड ने उन्हें एक्स्ट्रा टाइम तक खींचा, लेकिन अंत में अर्जेंटीना ने 3-1 से जीत हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। अर्जेंटीना ने तीन नॉकआउट मैचों में नौ गोल किए हैं, जो सेमीफाइनलिस्ट टीमों में सबसे ज़्यादा है।
इस बीच, फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे 8 गोल और 3 असिस्ट के साथ 2026 फीफा वर्ल्ड कप गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं। उन्होंने अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेसी पर टाईब्रेकर में बढ़त बना रखी है, जिनके भी 8 गोल हैं लेकिन असिस्ट कम हैं। (एएनआई)