नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप का खुमार जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। केरल पुलिस ने चेतावनी दी है कि फुटबॉल फैंस को निशाना बनाकर एक बड़ा ऑनलाइन फ्रॉड चल रहा है, जिसमें फ्री में मैच दिखाने का झांसा दिया जा रहा है। ये ठग फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, वॉट्सऐप और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए अपना जाल बिछा रहे हैं।
इन ठगों के विज्ञापन काफी आकर्षक होते हैं, जैसे - "FIFA World Cup लाइव फ्री", "1000+ टीवी चैनल मुफ्त", "प्रीमियम OTT कंटेंट फ्री" और "बिना विज्ञापन के फिल्में और मैच देखें"। ये फर्जी ऐप्स HZ TV, OPEN TV, NB TV, MAX TV, XM TV, और TUBI TV जैसे नामों से आते हैं, जो सुनने में असली लगते हैं। ये ऐप्स प्ले स्टोर पर नहीं मिलते, बल्कि सोशल मीडिया पर शेयर किए गए लिंक के जरिए इनकी APK फाइल डाउनलोड कराई जाती है।
ये फर्जी ऐप्स फोन में इंस्टॉल होने के बाद 'Update Required', 'Activate Subscription' या 'Enable Service' जैसे मैसेज दिखाते हैं। जैसे ही यूजर इन्हें मंजूरी देता है, फोन की एक्सेसिबिलिटी सर्विस, स्क्रीन ओवरले और नोटिफिकेशन एक्सेस जैसी बेहद संवेदनशील सेटिंग्स का कंट्रोल ठगों के पास चला जाता है।
इसके बाद फोन की सिक्योरिटी पूरी तरह से खत्म हो जाती है। ठगों को आपके फोन का पूरा कंट्रोल मिल जाता है और वे आपकी जानकारी के बिना ही फोन में मौजूद UPI और बैंकिंग ऐप्स खोलकर आपके अकाउंट से पैसे अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते हैं।
अगर आप किसी भी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो बिना देर किए तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। आप https://cybercrime.gov.in पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर धोखाधड़ी के शुरुआती कुछ घंटों में ही शिकायत कर दी जाए, तो गंवाए हुए पैसे वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।