
Asian Games 2026 Archery: एशियन गेम्स 2026 में भारत की युवा तीरंदाज कुमकुम मोहद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विमेंस इंडिविजुअल रिकर्व के फाइनल में जगह बना ली है। 17 साल की कुमकुम ने सेमीफाइनल में चीन की झू जिंगयी को 6-2 से हराकर गोल्ड मेडल की ओर कदम बढ़ाया। अब वह खिताब से सिर्फ एक जीत दूर हैं।
कुमकुम ने सेमीफाइनल की शुरुआत बेहद मजबूत अंदाज में की। उन्होंने पहले सेट में 28-27 से जीत दर्ज कर 2-0 की बढ़त बनाई। दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने 30-30 का परफेक्ट स्कोर किया, जिससे कुमकुम की बढ़त 3-1 हो गई।
तीसरे सेट में झू ने 29 और कुमकुम ने 28 अंक हासिल किए। यह सेट झू के पक्ष में गया और स्कोर 4-2 हो गया। इसके बाद चौथे सेट में कुमकुम ने दबाव के बीच शानदार धैर्य दिखाया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
चौथे सेट में दोनों तीरंदाजों ने शुरुआत में 9-9 का स्कोर किया और इसके बाद 10-10 का निशाना लगाया। झू का अगला तीर 9 पर लगा। ऐसे में कुमकुम को मैच जीतने के लिए अपने आखिरी तीर पर 10 अंक हासिल करने थे।
कुमकुम ने दबाव में भी अपना संयम नहीं खोया और सीधे 10-रिंग पर निशाना साध दिया। इस शानदार शॉट के साथ उन्होंने सेमीफाइनल 6-2 से जीत लिया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
कुमकुम का यह सफर इसलिए भी खास है क्योंकि क्वार्टर फाइनल में उन्होंने दक्षिण कोरिया की वर्ल्ड और ओलंपिक चैंपियन कांग चेयॉन्ग को 6-4 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट झू जिंगयी को मात दी।
Historic Gold!
Heartiest congratulations to Ankita Bhakat, Kumkum Anil Mohod and Kirti on winning India’s first-ever Gold Medal in the Recurve Women’s Team event at the Asian Games 2026.
A truly special achievement that will be remembered for years to come.
Congratulations,… pic.twitter.com/HN5XqiE9sF— Hardeep Singh Puri (@HardeepSPuri) October 2, 2026
इस तरह कुमकुम ने लगातार दो मुकाबलों में दुनिया की शीर्ष स्तर की तीरंदाजों को हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की है।
कुमकुम अब शनिवार सुबह 7:20 बजे भारतीय समयानुसार फाइनल में दक्षिण कोरिया की येजिन ओह के खिलाफ उतरेंगी। इस मुकाबले में जीत हासिल करने पर वह एशियन गेम्स के इतिहास में इंडिविजुअल रिकर्व मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन जाएंगी।
भारत के लिए एशियन गेम्स में इंडिविजुअल रिकर्व का अब तक इकलौता पदक तरुणदीप राय ने जीता है। उन्होंने 2010 ग्वांगझू एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल हासिल किया था।
कुमकुम का आइची-नागोया एशियन गेम्स अब तक शानदार रहा है। शुक्रवार को उन्होंने अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ मिलकर विमेंस रिकर्व टीम इवेंट में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम ने फाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराया था।
इसके बाद कुमकुम ने धीरज बोम्मादेवरा के साथ मिक्स्ड रिकर्व टीम इवेंट में सिल्वर मेडल भी जीता। फाइनल में भारत को चीन के खिलाफ 3-5 से हार का सामना करना पड़ा।
कुमकुम के पास अब एशियन गेम्स 2026 में तीसरा पदक जीतने का मौका है। टीम इवेंट में गोल्ड और मिक्स्ड टीम में सिल्वर जीतने के बाद उनकी नजर अब इंडिविजुअल रिकर्व के गोल्ड पर है। अगर वह फाइनल में जीत दर्ज करती हैं, तो भारतीय तीरंदाजी के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा।