
न्यूयॉर्क: सोचिए, एक गोलकीपर जिसके इंस्टाग्राम पर सिर्फ 3000 फॉलोअर्स हों, और एक ही मैच खत्म होने से पहले उसके 1.7 मिलियन यानी 17 लाख फॉलोअर्स हो जाएं। आज गूगल पर 'V' टाइप करते ही दुनिया जिस नाम को सबसे ज़्यादा खोज रही है, वो इसी खिलाड़ी का है।
यूरोपियन चैंपियन स्पेन के हर हमले को चट्टान की तरह रोकने वाले इस 40 साल के खिलाड़ी ने इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है। लेकिन आखिर ये खिलाड़ी है कौन? जिसने स्पेन की वर्ल्ड क्लास टीम के सामने सीना तान दिया। जिसने उनके हर शॉट को अपने सीने से लगाकर नाकाम कर दिया। एक छोटे से देश के बड़े सपनों का ये अकेला पहरेदार। फुटबॉल की दुनिया के लिए कल तक जो गुमनाम था, आज वो नया हीरो बन गया है। इंग्लिश प्रीमियर लीग और स्पेनिश ला लिगा में खेलने वाले करोड़ों के स्ट्राइकर्स को बेबस करने वाले इस खिलाड़ी के बारे में अब पूरी दुनिया जानना चाहती है। इस खिलाड़ी का नाम है: वोज़िन्हा।
40 साल के वोज़िन्हा पुर्तगाल के सेकेंड डिवीजन क्लब 'शावेस' के लिए गोलकीपिंग करते हैं। लेकिन उनका फुटबॉल करियर इतना आसान नहीं रहा। आपको जानकर हैरानी होगी कि वोज़िन्हा 25 साल की उम्र तक प्रोफेशनल फुटबॉलर भी नहीं थे। और आज देखिए, उन्होंने वर्ल्ड कप के बड़े मंच पर स्पेन जैसी तगड़ी टीम के खिलाफ दीवार खड़ी कर दी।
2018 के बाद से वर्ल्ड कप के किसी एक मैच में, बॉक्स के अंदर से आए इतने शॉट्स बचाने वाला कोई दूसरा गोलकीपर नहीं है। पिछले तीन वर्ल्ड कप में, 7 से ज़्यादा ऑन-टारगेट शॉट झेलने के बाद भी 'क्लीन शीट' (एक भी गोल न खाना) रखने वाले कुछ गिने-चुने गोलकीपरों की लिस्ट में इस 40 साल के खिलाड़ी ने शान से अपनी जगह बना ली है।
अपना पहला वर्ल्ड कप खेल रहे केप वर्डे जैसे छोटे से देश ने जब पूर्व वर्ल्ड चैंपियन स्पेन को ड्रॉ पर रोककर एक पॉइंट हासिल किया, तो ये वोज़िन्हा के 40 साल के संघर्ष और मेहनत का नतीजा था। अटलांटिक महासागर में बसे इस छोटे से द्वीपीय देश के तटों पर आज जश्न की लहरें हैं। पूरा देश अपने इस 'गार्डियन एंजेल' को सिर आंखों पर बिठा रहा है, जिसने नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया।