
नई दिल्ली। बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने सोमवार को दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को आम आदमी पार्टी (AAP) की साजिश करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिवाली से पहले पंजाब में जमकर पराली जलाई गई है। ANI से बातचीत में खंडेलवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में खराब हवा के लिए पिछली AAP और कांग्रेस सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि मौजूदा बीजेपी सरकार को इस समस्या को सुलझाने में थोड़ा वक्त लगेगा। खंडेलवाल ने कहा,
यह एक सोची-समझी साजिश है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और वहां की जनता मदद के लिए गुहार लगा रही है। पंजाब ने जानबूझकर पराली जलाने का फैसला किया ताकि दिवाली पर दिल्ली प्रदूषित रहे और वे इसके लिए हमें जिम्मेदार ठहरा सकें। लेकिन पंजाब के लोग और हम जानते हैं कि यह राजनीतिक साजिश आम आदमी पार्टी ने रची है। हमारी सरकार ने प्रदूषण रोकने के लिए पहले ही कदम उठा लिए हैं।प्रदूषण आज की समस्या नहीं है। हमसे पहले कांग्रेस सरकार में शीला दीक्षित 15 साल तक मुख्यमंत्री रहीं, फिर आम आदमी पार्टी सरकार में अरविंद केजरीवाल 10 साल तक मुख्यमंत्री रहे। आज का प्रदूषण उनकी देन है क्योंकि जब इसे रोकने के लिए उपाय किए जाने चाहिए थे, तब न तो कांग्रेस और न ही आम आदमी पार्टी सरकार ने कोई कदम उठाया। जब से हमारी सरकार बनी है, हमने प्रदूषण के सभी कारणों पर काम किया है। दिल्ली में जहां 25 साल से प्रदूषण पर कोई काम नहीं हुआ, वहां इसे ठीक करने में निश्चित रूप से कुछ समय लगेगा।
दिवाली के जश्न के एक दिन बाद सोमवार सुबह दिल्ली की हवा की गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी के करीब पहुंच गई। कई स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के आंकड़े को छू गया। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में घना कोहरा छा गया और सुबह-सुबह दृश्यता कम हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, गाजीपुर के आसपास AQI 418 था, जिसे 'गंभीर' श्रेणी में रखा गया है। वहीं अक्षरधाम के आसपास यह 337 था, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की 8 नवंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में पराली जलाने की कुल 4,459 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इससे पहले, दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदूषण के बहाने हिंदू त्योहार दिवाली को निशाना बनाने का अभियान चलाया जा रहा है।
इस बीच, AAP दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर AQI डेटा में हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए प्रदूषण के "सच्चे" आंकड़े मांगे। ANI से बात करते हुए भारद्वाज ने आरोप लगाया कि निगरानी स्टेशनों को बंद कर दिया गया और दिल्ली के दूरदराज, हरे-भरे इलाकों में 20 नए AQI स्टेशन लगाए गए। उन्होंने दावा किया कि रीडिंग में हेरफेर करने के लिए प्रदूषित स्थानों पर निगरानी स्टेशनों के ऊपर पानी छिड़का जा रहा है। उन्होंने कहा,
सरकार का डेटा फर्जीवाड़े पर आधारित है। हमने दिखाया कि कैसे निगरानी स्टेशनों को बंद किया गया, और कैसे दिल्ली के दूरदराज के हरे-भरे इलाकों में 20 नए AQI स्टेशन लगाए गए। रीडिंग में हेरफेर करने के लिए प्रदूषित स्थानों पर निगरानी स्टेशनों के ठीक ऊपर पानी छिड़का जा रहा है। लोगों को सरकार के AQI नंबरों पर बिल्कुल भरोसा नहीं है, मुझे तो बिल्कुल भी नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि कई इलाकों में AQI 3,000 पार कर गया है।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।