
नई दिल्ली। दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने सोमवार को मालवीय नगर के बेगमपुर स्थित वाल्मीकि कैंप में 'हर घर नल योजना' का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय भी मौजूद थे।
इस योजना से वाल्मीकि कैंप के 216 घरों को पानी का कनेक्शन मिलेगा। इसका सीधा फायदा यहां रहने वाले लोगों को होगा और उन्हें पीने के पानी के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। इस पहल का मुख्य मकसद इलाके के हर परिवार तक नल के जरिए साफ पानी पहुंचाना है।
मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में सघन स्वच्छता अभियान के माध्यम से स्वच्छ एवं सुंदर दिल्ली के संकल्प को आगे बढ़ाया। इसके साथ ही, वाल्मीकि बस्ती में ‘हर घर नल, हर घर जल’ योजना का शुभारंभ किया, जिससे प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ पेयजल की सुविधा पहुँचाने के प्रयासों को गति मिलेगी।
स्वच्छता और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत।
#SwachhDelhi #hargharnalyojna #JanSeva #ViksitDelhi #MCD #rekhagupta
— Pravesh Wahi (@praveshwahi) October 12, 2026
दिल्ली नगर निगम (MCD) की प्रेस रिलीज के मुताबिक, मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि हर घर तक साफ और आसानी से पीने का पानी पहुंचाना लोगों की जिंदगी बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी के विजन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में लगातार ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं ताकि दिल्ली के हर नागरिक को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। सरकार का लक्ष्य है कि साफ पानी जैसी जरूरी चीजें लोगों को आसानी से मिलें, जिससे उनका जीवन स्तर सुधरे।
मेयर ने आगे कहा कि 'हर घर नल योजना' जैसी पहल आम लोगों की बुनियादी जरूरतें पूरी करने में अहम रोल निभाती हैं। वाल्मीकि कैंप के परिवारों को नल का कनेक्शन मिलने से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी काफी आसान हो जाएगी और उनके घर तक पानी पहुंचाने के काम में तेजी आएगी।
इस कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद लीना कुमारी, एमसीडी के एडिशनल कमिश्नर पंकज नरेश अग्रवाल और कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।