
Delhi MCD Mayor election results: दिल्ली नगर निगम (Municipal Corporation of Delhi) के सत्ता समीकरण में एक बड़ा उलटफेर हुआ है। दो साल के अंतराल के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने MCD की सत्ता फिर से अपने हाथों में ले ली है। शुक्रवार को हुए मेयर चुनाव में राजा इक़बाल सिंह ने 133 मत हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी मंदीप सिंह को हराया जिन्हें सिर्फ 8 वोट मिले। आप ने पूरी चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार किया।
मेयर के साथ-साथ डिप्टी मेयर पद भी BJP की झोली में गया। जय भगवान यादव को डिप्टी मेयर घोषित किया गया क्योंकि कांग्रेस की उम्मीदवार अरीबा खान ने अपना नामांकन वापस ले लिया।
दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने MCD चुनाव का पूरी तरह बहिष्कार किया। पूर्व मेयर और AAP की पार्षद शेली ओबेरॉय (Shelly Oberoi) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि एमसीडी चुनाव को बीजेपी ने मजाक बना दिया है। ये उनका 'ट्रिपल इंजन गवर्नमेंट' चलाने का प्रयास है। उन्होंने यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में जनता के लिए कई फैसले लिए गए लेकिन भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता हथियाना रहा है।
दिल्ली नगर निगम में वर्तमान में कुल 238 सीटें हैं, जिनमें से 12 खाली हैं क्योंकि कुछ पार्षद विधायक या सांसद बन गए हैं। BJP के पास अब 117 पार्षद हैं जो 2022 में 104 थे। वहीं, AAP के पास अब 113 सीटें हैं जो पहले 134 थीं। कांग्रेस की स्थिति कमजोर बनी हुई है उसके पास सिर्फ 8 पार्षद हैं।
नवनियुक्त मेयर राजा इक़बाल सिंह ने कहा कि आप ने पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है। हम दिल्ली को भ्रष्टाचारमुक्त बनाएंगे और पिछले दो सालों में रुके हुए सभी काम पूरे करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मेयर चुने जाने के तुरंत बाद स्थायी समिति के चुनाव कराए जाएंगे।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।