
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर अचानक काफी बढ़ गया है। इसे देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सोमवार को पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में तुरंत प्रभाव से ग्रैप का दूसरा चरण (GRAP Stage-II) लागू कर दिया है। मौसम के बदलते मिजाज की वजह से दिल्ली की हवा तेजी से खराब हुई है। सोमवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 324 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' (Very Poor) श्रेणी में आता है। इसी वजह से यह सख्त फैसला लिया गया है।
CAQM की सब-कमेटी ने आज एक रिव्यू मीटिंग की। इसमें बताया गया कि पिछले 72 घंटों में दिल्ली की हवा अचानक से जहरीली हो गई है। शनिवार को AQI 117 था, जो 'मध्यम' श्रेणी में था। रविवार को यह तेजी से बढ़कर 261 ('खराब' श्रेणी) पर पहुंच गया और सोमवार आते-आते 324 के साथ 'बहुत खराब' स्तर पर जा पहुंचा। अब ग्रैप के पहले चरण की पाबंदियों के साथ-साथ दूसरे चरण के नियम भी लागू हो गए हैं। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के नगर निगमों, ट्रैफिक पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को इन नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।
जिन सड़कों पर ट्रैफिक ज्यादा रहता है और जहां जाम लगता है, वहां अब रोजाना मशीनों से सफाई होगी। धूल को उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव किया जाएगा। यह काम खासकर सुबह और शाम के पीक आवर्स से पहले किया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी न हो। इसके अलावा, पूरे एनसीआर में प्रदूषण के हॉटस्पॉट और कंस्ट्रक्शन साइट्स पर चेकिंग बढ़ा दी जाएगी। जहां भी नियम टूटते दिखेंगे, वहां तुरंत कार्रवाई होगी।
लोग अपनी प्राइवेट गाड़ियों का कम इस्तेमाल करें, इसके लिए पार्किंग फीस बढ़ाने को कहा गया है। साथ ही, दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में सरकारी दफ्तरों और नगर निगमों के काम करने के समय में बदलाव (staggered working hours) किया जा रहा है।
सर्दियों में लोग आग तापने के लिए कूड़ा या लकड़ी न जलाएं, इसके लिए भी खास निर्देश हैं। सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को कहा गया है कि वे अपने सिक्योरिटी गार्ड, सफाई कर्मचारियों और माली को इलेक्ट्रिक हीटर दें।
CAQM ने आम जनता से भी प्रदूषण कम करने में मदद की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे अपनी गाड़ियों का कम इस्तेमाल करें, पब्लिक ट्रांसपोर्ट या कारपूलिंग का सहारा लें और धूल उड़ाने वाले कंस्ट्रक्शन के काम से बचें। जिन लोगों के लिए संभव हो, वे घर से ही काम (Work from home) करें।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।