
नई दिल्ली। दिवाली से पहले दिल्ली पुलिस अवैध पटाखों की बिक्री और स्टोरेज पर लगातार नकेल कस रही है। पुलिस ने 6 नवंबर को चलाए गए अभियान के तहत ज्योति नगर, शास्त्री पार्क और दयालपुर में पांच अलग-अलग मामले दर्ज कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सभी के पास से कुल मिलाकर करीब 91.910 किलो अवैध पटाखे बरामद हुए हैं।
ज्योति नगर थाने की पुलिस टीमों ने तीन अलग-अलग कार्रवाई की। हेड कांस्टेबल आकाश और कांस्टेबल राजदीप ने अशोक नगर मार्केट के पास से 42 साल के सुनय कुमार को पकड़ा और उसके पास से 26 किलो पटाखे जब्त किए, जिनमें स्काई शॉट, बुलेट बम और चकरी शामिल हैं। आरोपी कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका। जब पटाखों का क्यूआर कोड स्कैन किया गया, तो पता चला कि वे सर्टिफाइड ग्रीन पटाखे नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली।
दूसरी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल अरविंद और कांस्टेबल राजदीप ने 20 साल के अतुल को हनुमान मंदिर फाटक रोड से पकड़ा और उसके पास से 13 किलो अवैध पटाखे जब्त किए। तीसरी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल दीपक ने मंगल बाजार, अमर कॉलोनी के पास से 54 साल के खेम चंद को पकड़ा और उसके कब्जे से 22 किलो अवैध पटाखे बरामद किए। शास्त्री पार्क थाने की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर स्कूल के पास छापा मारा। यहां से 50 साल के अवधेश को गिरफ्तार कर उसके पास से दो प्लास्टिक के बोरे जब्त किए गए, जिनमें 20.360 किलो अवैध पटाखे भरे हुए थे।
दयालपुर थाने के हेड कांस्टेबल हरबीर राठी और कांस्टेबल शुभम ने गश्त के दौरान नेहरू विहार में एक मंदिर के पास से 40 साल के यासीन को पकड़ा। वह बिना लाइसेंस के पटाखे बेच रहा था और पुलिस ने उसके पास से 10.550 किलो अवैध पटाखे बरामद किए। इन पांचों आरोपियों के पास पटाखे बेचने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि इनमें से किसी का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
कुल जब्ती की बात करें तो ज्योति नगर थाने में तीन आरोपियों से 61 किलो, शास्त्री पार्क थाने में एक आरोपी से 20.360 किलो और दयालपुर थाने में एक आरोपी से 10.550 किलो पटाखे जब्त किए गए। इन पांचों मामलों में कुल 91.910 किलो अवैध पटाखे पकड़े गए हैं। फिलहाल सभी मामलों की जांच चल रही है।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।