
नई दिल्ली। शुक्रवार को दिल्ली की हवा फिर से 'खराब' श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 8 बजे दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 220 दर्ज किया गया। निगरानी केंद्रों में सबसे ज्यादा AQI वजीरपुर में 273 रहा, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। इसके बाद बवाना में 266, पंजाबी बाग में 260 और चांदनी चौक में 257 AQI रहा। IGI एयरपोर्ट (T3) पर AQI 289 और ITO पर 285 दर्ज हुआ, ये दोनों भी 'खराब' श्रेणी में हैं।
इसके अलावा जिन जगहों पर हवा की क्वालिटी 'खराब' रही, उनमें IIT दिल्ली (242), आनंद विहार और नरेला (239-239), रोहिणी (233), मुंडका (231), विवेक विहार (222), अशोक विहार (221) और आरके पुरम (220) शामिल हैं। सोनिया विहार में AQI 217 दर्ज हुआ, जबकि द्वारका सेक्टर 8 और ओखला फेज 2 में क्रमशः 207 और 203 AQI रहा।
'मध्यम' श्रेणी की बात करें तो, उत्तम नगर में AQI 193 और वसुंधरा एन्क्लेव में 181 रहा। वहीं मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में AQI 125 था, जो निगरानी केंद्रों में सबसे कम दर्ज किया गया। CPCB के मुताबिक, 0 से 50 के बीच AQI को 'अच्छा', 51-100 को 'संतोषजनक', 101-200 को 'मध्यम', 201-300 को 'खराब', 301-400 को 'बहुत खराब' और 401-500 को 'गंभीर' माना जाता है। इस बीच, बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि वो दिल्ली-एनसीआर में केवल भारत स्टेज-VI (BS-VI) मानकों वाले वाहनों को चलाने की अनुमति देने पर विचार कर सकता है।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्य कांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची व वी. मोहना की बेंच ने राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। बेंच ने कहा,
हम साफ कर दें कि एनसीआर न सही, लेकिन दिल्ली में हम सिर्फ बीएस-VI वाहनों को ही इजाजत देंगे।
कोर्ट ने जरूरी चीजों की सप्लाई के लिए एक नया विकल्प भी सुझाया। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर गोदाम बनाए जा सकते हैं, जहां सामान उतारा जाए और फिर वहां से छोटे बैटरी वाले या बिना प्रदूषण वाले वाहनों के जरिए सामान को शहर के अंदर पहुंचाया जाए।
दूसरी तरफ, कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने 2027 के लिए जिलेवार एक्शन प्लान बनाया है। इसके तहत दिल्ली-एनसीआर में सालाना औसत वायु प्रदूषण के स्तर को कम से कम 15 प्रतिशत और ज्यादा से ज्यादा 20 प्रतिशत तक घटाने का लक्ष्य रखा गया है। आयोग ने दिल्ली और एनसीआर के अन्य राज्यों की सरकारों को पत्र लिखकर राज्य, जिले और नगर निगम स्तर पर 2027 के लिए एक विस्तृत वार्षिक कार्य योजना बनाने को कहा है। इन योजनाओं का मकसद प्रदूषण नियंत्रण के कामों की सिर्फ लिस्ट बनाने के बजाय तय लक्ष्य, समय-सीमा, निगरानी और जवाबदेही के जरिए साफ नतीजे हासिल करना है।
इससे पहले, CAQM ने प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को लागू करने को लेकर दिल्ली और पड़ोसी राज्यों का आकलन और रैंकिंग करना शुरू किया था। अक्टूबर तक की प्रगति रिपोर्ट (2026 रिपोर्ट कार्ड) में कई कमियां उजागर हुईं, जैसे औद्योगिक निरीक्षण, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और प्रदूषण मापने का इंफ्रास्ट्रक्चर।
रिपोर्ट कार्ड के मुताबिक, चार राज्यों और दिल्ली में से किसी ने भी तय संख्या में ग्रीन श्मशान (ग्रीन क्रिमेटोरियम) नहीं बनाए हैं। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कुल 421 ग्रीन श्मशान बनाने का लक्ष्य था, लेकिन 31 अक्टूबर तक एक भी नहीं बन सका।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।