
दिल्ली में महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा योजना अब नए डिजिटल दौर में प्रवेश करने जा रही है। 1 अगस्त से राजधानी में मुफ्त बस यात्रा का लाभ केवल Pink Saheli Smart Card के जरिए ही मिलेगा। सबसे खास बात यह है कि फुल KYC वाला यह कार्ड अब सिर्फ बस या मेट्रो तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि डेबिट कार्ड की तरह मॉल, दुकानों और अन्य जगहों पर भुगतान के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। सरकार का मानना है कि इससे योजना अधिक पारदर्शी होगी और यात्रियों का डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार होगा।
दिल्ली सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि 31 जुलाई के बाद कागजी पिंक टिकट पूरी तरह बंद हो जाएंगे। इसके बाद डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त सफर का लाभ लेने के लिए महिलाओं के पास Pink Saheli Smart Card होना अनिवार्य होगा।
यदि किसी महिला के पास यह कार्ड नहीं होगा, तो उसे सामान्य यात्रियों की तरह किराया देना पड़ेगा। सरकार के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य पूरी व्यवस्था को डिजिटल बनाना और फर्जीवाड़े की संभावनाओं को कम करना है।
यह भी पढ़ें: सिर्फ ₹10 में भरपेट खाना! सिक्योरिटी गार्ड की थाली देखकर लोग बोले- भगवान ऐसी कंपनी सबको दे
डीटीसी फिलहाल NCMC (National Common Mobility Card) के दो प्रकार जारी कर रही है।
पहला जीरो KYC कार्ड है, जिसे केवल आधार कार्ड और उससे जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP के जरिए बनाया जा सकता है। वहीं, दूसरा फुल KYC कार्ड बैंकिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी किया जाता है।
फुल KYC कार्ड की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे डेबिट कार्ड की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यानी महिलाएं इससे बस और मेट्रो में यात्रा करने के साथ-साथ दुकानों, मॉल और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर डिजिटल भुगतान भी कर सकेंगी।
दिल्ली सरकार ने कार्ड बनवाने के लिए राजधानी में करीब 50 अधिकृत केंद्र बनाए हैं। इनमें जिला मजिस्ट्रेट (DM) कार्यालय, उप-जिलाधिकारी (SDM) कार्यालय और डीटीसी के चयनित डिपो शामिल हैं।
पात्र महिलाएं और ट्रांसजेंडर नागरिक इन केंद्रों पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान आधार आधारित ई-केवाईसी, पहचान पत्र और दिल्ली निवासी होने का सत्यापन किया जाता है। सत्यापन पूरा होने के बाद कार्ड लाभार्थी के आधार और मोबाइल नंबर से लिंक कर जारी किया जाता है।
सरकार का कहना है कि नई डिजिटल व्यवस्था से मुफ्त यात्रा योजना अधिक पारदर्शी बनेगी, प्रत्येक यात्रा का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और कागजी टिकटों पर निर्भरता पूरी तरह खत्म हो जाएगी। इससे लाभार्थियों का सत्यापन भी पहले की तुलना में अधिक आसान और प्रभावी होगा।
यह भी पढ़ें: 'पेपर चुराने वाले बचते रहे'... Anti Paper Leak Bill 2026 पर ये क्या बोल गए खड़गे!
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।