
नई दिल्ली। हरियाणा सरकार ने गुरुवार को एक वरिष्ठ अधिकारी को सस्पेंड कर दिया, जिस पर एक महिला कर्मचारी ने बंदूक की नोक पर यौन उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया है। हरियाणा सिविल सेवा (HCS) के इस अधिकारी की तैनाती हिसार के हांसी में उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) के रूप में थी। निलंबन के दौरान अधिकारी को चंडीगढ़ में मुख्य सचिव के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मुख्यालय छोड़ने के लिए अधिकारी को मुख्य सचिव से अनुमति लेनी होगी।
हालांकि, निलंबन आदेश में कारण नहीं बताया गया, लेकिन एक कर्मचारी ने अधिकारी पर बंदूक दिखाकर धमकाने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने बताया कि उसे कई बार अधिकारी के निवास पर बुलाया गया था, जहां वह मसाज के बहाने उसे परेशान करता था। कर्मचारी ने बताया, “जब मैंने विरोध किया, तो वह पिस्तौल लेकर आता और मुझे नौकरी से निकालने की धमकी देता था। इस घटना का वीडियो सबूत जुटाने के बाद मैंने शिकायत दर्ज कराई।”
कर्मचारी ने यह भी बताया कि वह पिछले छह महीनों से इस उत्पीड़न का शिकार हो रहा था। उन्होंने अधिकारी पर जातिवादी कमेंट करने का भी आरोप लगाया। अपनी शिकायत के साथ, उसने सबूत के रूप में वीडियो की प्रतियां राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, हरियाणा के मुख्यमंत्री और उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को भेजी हैं।
हरियाणा में यह दूसरी बार है जब किसी सरकारी अधिकारी पर यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पिछले महीने एक महिला पुलिसकर्मी ने जींद के एसपी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। महिला आयोग ने इस मामले में भी एसपी के तबादले की मांग की थी। अधिकारी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश बताते हुए इनकार किया है। उनका कहना है कि 20 साल के करियर में उनके चरित्र पर कोई सवाल नहीं उठाया गया। अधिकारी ने अपने बचाव में कहा कि शिकायत फर्जी है और यह सिर्फ उन्हें फंसाने की कोशिश है।
ये भी पढ़ें…
महिला रिसर्चर के रेपिस्टों में बिना पैर वाला भिखारी, कबाड़ी और ऑटो ड्राइवर शामिल
सरकारी दफ्तरों में सिगरेट-तंबाकू का सेवन किया तो खैर नहीं...जरूर जान लें नए नियम
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.