वडनगर में योग दिवस: CM भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में गुजरात ने बनाया नया कीर्तिमान

Published : Jun 21, 2025, 06:05 PM IST
CM Bhupendra Patel at International Yoga Day 2025 celebration at Vadnagar

सार

पीएम मोदी के जन्मस्थान वडनगर में योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। गुजरात ने 2121 लोगों के साथ भुजंगासन कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। सीएम भूपेंद्र पटेल समेत कई गणमान्य लोग योग में शामिल हुए।

गांधीनगर, 21 जून : प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की जन्मभूमि अनंत अनादि वडनगर के ऐतिहासिक शर्मिष्ठा तालाब परिसर में मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में शनिवार को 11वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ‘एक पृथ्वी-एक स्वास्थ्य के लिए योग’ तथा ‘मेदस्विता मुक्त गुजरात-स्वस्थ गुजरात’ थीम के साथ राज्य स्तरीय समारोह मनाया गया।

गुजरात ने मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में इस वर्ष के योग दिवस पर वडनगर के ऐतिहासिक शर्मिष्ठा तालाब परिसर में 2121 योग साधकों के एक साथ किए गए भुजंगासन द्वारा नया कीर्तिमान स्थापित कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री के दिशादर्शन में इससे पहले भी गुजरात ने 2023 में 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सूरत में एक साथ 1.50 लाख लोगों की सामूहिक योग साधना का रिकॉर्ड तथा 1 जनवरी 2024 को एक साथ 108 स्थानों पर 50 हजार लोगों के सामूहिक सूर्य नमस्कार करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल वडनगर में आयोजित राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में सामूहिक योग क्रिया में लोगों के साथ योगासन कर सहभागी हुए। स्वास्थ्य मंत्री श्री ऋषिकेश पटेल, मेहसाणा जिले के विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष तथा गुजरात योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री शीशपाल राजपूत और पदाधिकारी एवं अधिकारी भी योग साधकों के साथ सामूहिक योग में सहभागी हुए।

इस अवसर पर सभी ने विशाखापट्टनम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सहभागी होकर देशवासियों को दिए गए प्रेरक संदेश का सीधा प्रसारण देखा।

मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सभी को शुभकामना देते हुए कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा समग्र मानव जाति को दी गई भेंट योग हमारी प्राचीन संस्कृति है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सफल प्रयासों के फलस्वरूप इस प्राचीन योग संस्कृति को संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने से विश्वभर में स्वीकृति मिली है।

मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने 2015 से हर वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाए जाने की श्रृंखला में मनाए जा रहे 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की भूमिका देते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं है, बल्कि जीवन जीने की कला है। योग ऐसा विज्ञान है, जो हमें शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्तर पर एकाग्रता से जोड़ता है। योगाभ्यास द्वारा तनाव मुक्ति होती है, रोग प्रतिकारक शक्ति बढ़ती है तथा जीवन में सकारात्मकता आती है। इतना ही नहीं; योग हमें आत्मानुशासन, संयम एवं आत्मजगृति सिखाता है।

श्री पटेल ने राज्यभर में महानगर पालिका से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक कुल लगभग डेढ़ करोड़ लोगों के 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोहों में सामूहिक योग क्रिया में सहभागी हो रहे होने का उल्लेख करते हुए इस बात का विशेष उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सफल सुशासन के 11 वर्ष भी इसी वर्ष पूरे हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने योग से लेकर आयुष्मान भारत तक लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा का ध्यान रखा है। प्रधानमंत्री ने प्रिवेंटिव हेल्थ केयर तथा स्वास्थ्यप्रद जीवनशैली अपनाने के लिए अनेक कार्यक्रम प्रारंभ कराए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा व प्रयासों से योग तथा प्राणायाम की प्राचीन विरासत विश्व के देशों के लोगों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बन गई है।

मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि हमें संस्कृति के सम्मान तथा विरासत के गौरव के साथ मेदस्विता मुक्त गुजरात-स्वस्थ गुजरात का सामूहिक संकल्प कर योग की प्राचीन परंपरा को जन आंदोलन बनाना है और हमारी विकसित भारत@2047 के लिए विकसित, स्वस्थ तथा समृद्ध गुजरात का निर्माण करने की मंशा है।

स्वास्थ्य मंत्री श्री ऋषिकेशभाई पटेल ने कहा कि प्राणायाम प्राचीन काल से हमारे इतिहास में दैनिक जीवन में बुना हुआ है। योग एवं प्राणायम के माध्यम से शरीर स्वस्थ बनने के साथ-साथ ऊर्जावान भी रहता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने हमारी संस्कृति, हमारे साहित्य के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए योग आदर्श को दुनिया के समक्ष उजागर करने का अद्भुत कार्य किया है।

उन्होंने आगे कहा कि हमारे प्राचीन इतिहास तथा हमारी प्राचीन संस्कृति के साथ जो भी हमारे प्राचीन रीति-रिवाज हैं; उन्हें स्वीकार करने के लिए आज विश्व तैयार हुआ है। आज जब हम मातृभूमि की प्राचीन विरासत के गौरव की भावना के साथ आगे बढ़ रहे हैं, तब हम सभी अपने दैनिक जीवन में योग को बुनकर स्वस्थ जीवन के लिए योग के आदर्श को अपनाएँ।

इससे पहले गुजरात राज्य योग बोर्ड के अध्यक्ष श्री शीशपाल राजपूत ने स्वागत संबोधन किया। उन्होंने योगाभ्यास के संदर्भ में जीवन में बेहतर स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एवं आध्यात्मिक जुड़ाव के बारे में भी विस्तार से अपने विचार साझा किए।

इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री तृषाबेन पटेल, सांसद श्री हरिभाई पटेल, विधायक सर्वश्री किरीटभाई पटेल, सरदारभाई चौधरी, मुकेशभाई पटेल, दूध सागर डेयरी के अध्यक्ष श्री अशोकभाई चौधरी, अग्रणी श्री गिरीशभाई राजगोर, शहरी विकास एवं शहरी आवास विभाग के प्रधान सचिव श्री एम. थेन्नारसन, जिला कलेक्टर श्री एस. के. प्रजापति, मेहसाणा मनपा आयुक्त श्री रवीन्द्र खताले, जिला विकास अधिकारी डॉ. हसरत जैसमीन, निवासी अपर कलेक्टर श्री जसवंत के. जेगोडा, पदाधिकारी-अधिकारी सहित योग साधक उपस्थित रहे।

PREV

Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.

Read more Articles on

Recommended Stories

गुजरात का GCRI बना देश का कैंसर लाइफलाइन, आंकड़े खुद गवाही दे रहे
पुराना प्यार या नई शादी? एक लड़की, 2 मौतें-सुसाइड नोट में लिखे नाम