सीरियल किलर का खौफनाक कुबूलनामा: 25 दिन में 3 रेप-5 मर्डर और लाश से दुष्कर्म

Published : Nov 27, 2024, 03:43 PM IST
Serial killer arrested in Gujarat Valsad

सार

गुजरात के वलसाड में 19 साल की छात्रा की रेप के बाद हत्या का आरोपी निकला सीरियल किलर। 25 दिन में 5 हत्याओं का कबूलनामा। पुलिस ने आरोपी को 5 दिन की रिमांड पर लिया, जांच में और खुलासे की उम्मीद।

वलसाड। गुजरात के वलसाड में 19 साल की बीकॉम छात्रा की रेप और हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपी सीरियल किलर निकला। पुलिस पूछताछ में उसने 25 दिनों में 5 हत्याओं का जुर्म कबूल कर पुलिस वालों को ही भौचक कर दिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने आरोपी को 5 दिसंबर तक रिमांड पर लिया है और आगे की पूछताछ में और अपराधों के खुलासे की संभावना है।

कैसे पकड़ा गया आरोपी?

वलसाड के पारडी तालुका के मोतीवाला इलाके में रहने वाली बीकॉम सेकेंड ईयर की छात्रा 14 नवंबर को ट्यूशन से घर लौट रही थी। सुनसान इलाके में आरोपी ने उसे झाड़ियों में खींच लिया और रेप के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। यही नहीं इस साइको किलर छात्रा की रेप और हत्या के बाद वहां से चला गया था। कुछ देर बाद घटनास्थल पर दोबारा लौटकर गया और छात्रा के शव के साथ भी दुष्कर्म किया। पारडी तालुका इलाके में हुई इस घटना के बाद पुलिस एक्टिव हो गई। छात्रा का शव रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में मिला था और वहीं से एक टी-शर्ट और बैग बरामद हुआ था। इन सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

रेलवे ट्रैक के पास सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज

छात्रा की हत्या और दुष्कर्म के मामले में सीसीटीवी फुटेज ने बड़ी भूमिका निभाई। जांच में पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास और पार्किंग एरिया के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से सुराग मिला। इनमें एक शख्स नजर आया, जो घटना के दिन वही टी-शर्ट पहने और बैग टांगे हुए दिखा, जो घटनास्थल पर बरामद हुए थे।

गुजरात के रेलवे स्टेशनों पर भेजी गई तस्वीरें

इस महत्वपूर्ण सुराग के बाद पुलिस ने आरोपी की तस्वीरें गुजरात के सभी रेलवे स्टेशनों पर भेज दीं। जांच टीम ने 2,000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी दौरान पता चला कि आरोपी पहले भी एक चोरी के मामले में पकड़ा गया था और उसे सूरत की लाजपोर जेल में रखा गया था। आरोपी मई में जमानत पर जेल से बाहर आया था।

जेल के कैदियों ने की पहचान

लाजपोर जेल के कुछ कैदियों ने पुलिस को आरोपी की पहचान करने में मदद की। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है। हालांकि, वह कई वर्षों से अपने गांव नहीं गया था।

 

परिवार ने आरोपी को निकाल दिया था घर से

पुलिस की एक टीम आरोपी की जानकारी जुटाने के लिए रोहतक पहुंची। वहां पता चला कि आरोपी राहुल का आपराधिक रिकॉर्ड उसके परिवार के लिए परेशानी का कारण बन गया था। चोरी की घटनाओं में लगातार शामिल रहने के कारण परिवार ने उसे घर से निकाल दिया था। आरोपी के पिता का भी अब निधन हो चुका है और उसके हरियाणा लौटने के कोई संकेत नहीं मिले।

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी

पुलिस की व्यापक जांच और फुटेज की बारीकी से जांच के कारण आरोपी को 24 नवंबर को वापी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी गुजरात पुलिस और अन्य राज्यों के अधिकारियों के संयुक्त अभियान का नतीजा थी।

नौकरी के पैसे लेने आया था, तभी पड़ी छात्रा पर नजर

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी राहुल वापी शहर के एक ढाबे में काम करता था। वारदात वाले दिन वह ढाबे के मालिक से पैसे लेने वापी आया था। वापसी के लिए दूसरी ट्रेन का इंतजार करते हुए वह वलसाड रेलवे स्टेशन पर बैठा था। इसी दौरान उसकी नजर अकेले ट्यूशन से घर जा रही छात्रा पर पड़ी। आरोपी ने छात्रा का पीछा करना शुरू किया और जैसे ही वह रेलवे ट्रैक के पास सुनसान जगह पर पहुंची, आरोपी ने उसे पीछे से आकर मुंह दबाकर झाड़ियों में खींच लिया। वहां उसने दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।

25 दिन में 5 हत्याओं का कबूलनामा

आरोपी ने पूछताछ के दौरान यह भी कबूल किया कि इस वारदात के एक दिन पहले उसने तेलंगाना के सिकंदराबाद में लूट के दौरान एक महिला की हत्या की थी। राहुल ने यह भी बताया कि अक्टूबर में उसने महाराष्ट्र के सोलापुर रेलवे स्टेशन के पास एक महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद अक्टूबर में पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्टेशन पर एक बुजुर्ग व्यक्ति को लूटने के बाद चाकू से हत्या कर दी थी। कर्नाटक के मुल्की स्टेशन पर एक मामूली विवाद पर एक यात्री को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इस तरह आरोपी ने कुल 25 दिन में 5 हत्याओं को अंजाम दिया और अपनी शातिर वारदातों को कबूल किया।

आरोपी की क्राइम हिस्ट्री

गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह ट्रेनों में घूम-घूमकर अपराध करता था। वह चोरी, लूट और हत्या जैसी वारदातों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से 13 केस दर्ज हैं। पूछताछ में यह भी पता चला कि उसने अक्टूबर में महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में भी हत्याएं की थीं।

ट्रेनों में वारदातों का मास्टरमाइंड

 आरोपी ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करता था। वारदात के समय वह 10 हजार रुपए कीमत के विदेशी जूते पहने हुए था, जिन्हें उसने ट्रेन से चुराया था।

आरोपी बहुत शातिर दिमाग का

गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान और अन्य राज्यों की पुलिस ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए जानकारी साझा की गई, जिससे आरोपी को वापी रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी बहुत शातिर है और आगे की पूछताछ में कई अनसुलझे अपराधों का खुलासा हो सकता है।

 

 

PREV

Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.

Recommended Stories

Odisha School Horror: 12 साल की बच्ची का 2 साल तक यौन शोषण-3 टीचर और चपरासी गिरफ्तार
कर्नाटक में गजब हो गया! ATM में डाला किसी को ना दिखने वाला 3 करोड़ का नोट!