
IAS Vinay Kumar Choubey Arrest: झारखंड के चर्चित आबकारी घोटाले (Excise Scam) में मंगलवार को झारखंड ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के वरिष्ठ IAS अधिकारी विनय कुमार चौबे को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कई घंटों की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
ACB की टीम मंगलवार सुबह चौबे के आवास पहुंची और उन्हें अपने साथ पूछताछ के लिए एजेंसी मुख्यालय ले गई। दिनभर चली पूछताछ के बाद ACB ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग और आबकारी नीति में अनियमितताओं के आरोपों के तहत गिरफ्तार किया।
इसी केस में आबकारी विभाग के संयुक्त आयुक्त गजेन्द्र सिंह को भी ACB ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पूछताछ के बाद दोनों अधिकारियों को हॉटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में रखा गया है।
1999 बैच के IAS अफसर विनय कुमार चौबे राज्य के कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। वे मुख्यमंत्री के सचिव रह चुके हैं और इस समय पंचायती राज विभाग में प्रधान सचिव के पद पर तैनात थे।
राज्य सरकार ने चौबे के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए पहले ही ACB को अनुमति दे दी थी। इसके बाद एजेंसी ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की। गिरफ्तारी के बाद चौबे के वकील देवेश अजयमणि ने मीडिया से कहा: हमें अभी तक यह नहीं बताया गया है कि किस आधार पर ACB ने उन्हें गिरफ्तार किया है। उनकी मेडिकल कंडीशन को लेकर हमने अदालत में रिपोर्ट भी पेश की है।
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी पहले से सक्रिय है। अक्टूबर 2024 में ED ने चौबे, गजेन्द्र सिंह और कई अन्य अफसरों व शराब कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
ED ने झारखंड और छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कुल 15 स्थानों पर छापे मारे थे। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की गई थी।
इस पूरे मामले की शुरुआत 7 सितंबर 2024 को छत्तीसगढ़ ACB द्वारा रायपुर में दर्ज की गई FIR से हुई थी। FIR में रिटायर्ड IAS अनिल टुटेजा, अंजुमन के भाई अनवर ढेबर, भारतीय दूरसंचार सेवा अधिकारी अरुणपति त्रिपाठी और अन्य को भी नामजद किया गया था। ED ने इसी FIR के आधार पर केस दर्ज किया और जांच शुरू की।
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।