
रांची। क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने इसी साल आईपीएल (IPL 2023) से दूरी बना ली। इंटरनेशनल क्रिकेट को पहले ही अलविदा कह चुके हैं, पर सालाना आय पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। बिजनेस के पिच पर उनकी शानदार पारी जारी है। उनकी तरफ से इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में जमा किए गए एडवांस टैक्स की राशि यह संकेत दे रही है। उन्होंने आयकर विभाग को वर्ष 2021-22 के लिए बतौर एडवांस टैक्स 38 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। फाइनेंसियल इयर 2022-23 में उन्होंने फिर लगभग 38 करोड़ रुपये जमा किए हैं, जबकि वर्ष 2020-21 में यह रकम लगभग 30 करोड़ थी।
130 करोड़ आय की जताई जा रही उम्मीद
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस साल भी महेंद्र सिंह धोनी झारखंड के सबसे बड़े इंडिविजुअल टैक्स पेयर (पर्सनल कैटेगरी) हैं। जमा की गई एडवांस टैक्स की धनराशि के आधार पर वर्ष 2022-23 में धोनी की आय करीबन 130 करोड़ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के आंकड़ों के अनुसार, इंटरनेशल क्रिकेट के करियर की शुरुआत से ही धोनी राज्य के सबसे बड़े टैक्स पेयर (पर्सनल कैटेगरी) रहे हैं। यदि पिछले कुछ वर्षों में उनके द्वारा आयकर विभाग को चुकाए गए टैक्स की बात की जाए तो उन्होंने वर्ष 2016-17 में 10.93 करोड़ और 2017-18 में 12.17 करोड़ का टैक्स चुकाया था। उन्होंने वर्ष 2018-19 में लगभग 28 करोड़ और वर्ष 2019-20 में भी लगभग इतनी ही धनराशि बतौर टैक्स चुकायी थी।
इन कम्पनियों में भी किया है निवेश
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का क्रिकेट करियर से रिटायरमेंट के बाद बिजनेस में भी दबदबा है। वह झारखंड के रांची में ऑर्गेनिक फार्मिंग कराते हैं, करीबन 43 एकड़ भूमि में फार्मिंग का काम फैला हुआ है। इसके अलावा उन्होंने स्टार्टअप कंपनी खाता बुक, क्रिकेट कोचिंग और स्पोर्ट्स कंपनी रन एडम में भी निवेश किया है।होम इंटीरियर की कंपनी होमलेन, स्पोर्ट्स वेयर और पुरानी कारों की खरीद-बिक्री करने वाली कंपनी कार्स 24 में भी उन्होंने निवेश किया है।
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।