
धनबाद न्यूज: रांची एटीएस की टीम बैंक मोड़ थाना पुलिस के साथ शुक्रवार को गैंगस्टर प्रिंस खान के वासेपुर के मखदमी रोड स्थित आवास पर कुर्की-जब्ती करने पहुंची। एटीएस ने यह कार्रवाई हाल ही में धनबाद के क्लिनी लैब में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में की है।
एटीएस अधिकारी रोशन बाड़ा ने बताया कि हाल ही में धनबाद के गया ब्रिज स्थित क्लिनी लैब में हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में बैंक मोड़ थाना में गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। कुर्की-जब्ती के समय प्रिंस के घर से कोई सामान बरामद नहीं हुआ। मालूम हो कि उक्त घर में पहले भी दो-तीन बार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई हो चुकी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रिंस कुछ महीने पहले हैदर अली के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर विदेश भाग गया था। विदेश भागने के बाद उसने वहीं से अपना काम जारी रखा और अपने गुर्गों की मदद से धनबाद में हत्या, रंगदारी, गोलीबारी की दो दर्जन से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे चुका है। हाल ही में भी उसके गिरोह ने कई होटलों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर गोलीबारी की थी।
धनबाद पुलिस लंबे समय से प्रिंस की तलाश कर रही है। अब तक उसके गिरोह के 40 से ज्यादा गुर्गे गिरफ्तार हो चुके हैं। ऐसे में अगर अब प्रिंस पकड़ा जाता है तो पुलिस उसे झारखंड प्रत्यर्पित कर उसके आतंक को खत्म करने की कोशिश करेगी। धनबाद पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने प्रिंस खान की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण के लिए इंटरपोल से मदद मांगी थी।
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।