मंडप में मौलवी पढ़ रहे थे बेटी का निकाह...गेट पर खामोश हुईं पिता की धड़कनें! फिर जो हुआ, वो...

Published : May 13, 2025, 09:56 AM IST
nikah tragedy

सार

बेटी मंडप में निकाह पढ़ रही थी, पिता गेट पर मेहमानों का स्वागत कर रहे थे… तभी दिल थाम देने वाली खबर आई—पिता वहीं गिर पड़े। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। किस्मत ने बेटी की विदाई से पहले पिता को छीन लिया… 

Chhindwara News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया क्षेत्र में एक खुशियों से भरी रात अचानक मातम में तब्दील हो गई। चांदामेटा में रविवार रात चल रहे एक निकाह समारोह के दौरान दुल्हन के पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बारात सिल्लेवानी से आई थी और रजवाड़ा लॉन में मौलवी निकाह पढ़ रहे थे, तभी यह दर्दनाक घटना घटी।

मंडप में बेटी का निकाह, बाहर गेट पर गिर पड़े पिता

दुल्हन के पिता मेहमूद खान, जो परासिया में एक मेडिकल स्टोर में काम करते थे, समारोह के दौरान गेट पर मेहमानों का स्वागत कर रहे थे। इसी बीच उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे वहीं गिर पड़े। अफरा-तफरी मच गई। परिजन उन्हें तुरंत पास के निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टर नहीं थे। फिर उन्हें परासिया के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विदाई के समय मिली मौत की खबर, परिजनों ने संभाला खुद को

जिस वक्त यह दुखद समाचार परिवार तक पहुंचा, उस समय निकाह की रस्में पूरी हो चुकी थीं और दुल्हन की विदाई की तैयारी चल रही थी। परिजनों ने भारी मन से पहले बेटी की विदाई कराई, ताकि उसका ससुराल जाने का सपना अधूरा न रह जाए। उसके बाद ही मेहमूद खान का शव अस्पताल से घर लाया गया।

 चांदामेटा कब्रिस्तान में हुआ अंतिम संस्कार

सोमवार सुबह 10:30 बजे मेहमूद खान का जनाजा चांदामेटा कब्रिस्तान ले जाया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। नम आंखों से उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। शादी का जो माहौल कभी खुशियों से भरा था, वह एक ही झटके में शोक और सन्नाटे में बदल गया।

मोहल्ले में पसरा मातम, हर आंख हुई नम

इस घटना के बाद पूरे चांदामेटा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पड़ोसी और रिश्तेदार इस हादसे को "किस्मत का सबसे बड़ा दर्द" बता रहे हैं। लोगों का कहना था कि मेहमूद खान अपनी बेटी की शादी को लेकर बेहद खुश थे, लेकिन नियति ने उन्हें आखिरी रस्में देखने का मौका नहीं दिया।

 

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Haridwar Sant Sammelan: CM मोहन यादव ने सनातन संस्कृति पर दिया जोर, सिंहस्थ-2028 को मिली शुभकामनाएं
CM Mohan Yadav in Haridwar: हरिद्वार पतंजलि योगपीठ में स्वामी रामदेव संग मुख्यमंत्री का योगाभ्यास, योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश