
भोपाल/बैतूल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 31 अक्टूबर को बैतूल जिले को कई बड़ी सौगातें दीं। पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने सिंगल क्लिक के जरिए 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की बोनस राशि ट्रांसफर की। इसके अलावा ग्राम वन समितियों के सदस्यों को 13 करोड़ रुपये से अधिक की काष्ठ लाभांश राशि भी दी गई।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान 297 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 52 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। वहीं, 145 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत के 55 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैतूल जिले के विकास के लिए 443 करोड़ रुपये से अधिक के कामों की सौगात दी गई है।
बेटियों की पढ़ाई और युवाओं के रोजगार पर जोर
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के लिए लगातार काम कर रही है। बैतूल में जनजातीय बेटियों के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से कन्या शिक्षा परिसर और छात्रावास का भूमि-पूजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि मेधावी योजना के तहत बोर्ड परीक्षा में 70 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये के लैपटॉप दिए जा रहे हैं। स्कूल टॉपर्स को स्कूटी भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 85 हजार सरकारी पदों पर युवाओं को नियुक्ति दी गई है। एक लाख नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। पुलिस विभाग में भी 18 हजार से ज्यादा पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैतूल और मुलताई में 24 करोड़ रुपये की लागत से नए कारखाने लगाए जाएंगे। कुकरू खामला में 15 करोड़ रुपये से पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। यहां कॉफी के बागान भी लगाए जाएंगे।
सीएम ने बैतूल में 15 करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन और हाट बाजार बनाने की घोषणा की। सड़क चौड़ीकरण के लिए 47 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। जिले में 70 करोड़ रुपये से चार जलाशय बनाए जाएंगे। 154 करोड़ रुपये की लागत से रामघाटी मध्यम सिंचाई परियोजना विकसित होगी।
इसके अलावा घोड़ाडोंगरी में बैराज और जलाशय, जनजातीय संग्रहालय, खेल सुविधाएं और ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट में 7 करोड़ रुपये से सफारी गेट बनाने की भी घोषणा की गई।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।