
CM Mohan Yadav father-in-law Brahmadeen Yadav passed away: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर और प्रख्यात शिक्षाविद् ब्रह्मादीन यादव (वास्तविक नाम ब्रह्मानंद यादव) का 98 वर्ष की आयु में मंगलवार रात निधन हो गया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार रीवा में किया जाएगा।
27 जून को ब्रह्मादीन यादव की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सांस और पेट की समस्या के चलते सुल्तानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज के ICU में भर्ती कराया गया था। 30 जून को स्थिति सुधरने पर उन्हें घर भेज दिया गया था, लेकिन मंगलवार शाम अचानक तबीयत फिर बिगड़ गई और परिजन जब तक अस्पताल पहुंचते, उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव अपनी पत्नी सीमा यादव के साथ दुबई और स्पेन की सात दिवसीय विदेश यात्रा पर हैं। जिस वक्त यह दुखद समाचार आया, वे दुबई से स्पेन के लिए रवाना हो चुके थे। स्पेन में मुख्यमंत्री की विभिन्न उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ बैठकें निर्धारित हैं।
ब्रह्मादीन यादव विद्यार्थी जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े थे। कई आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने मुंबई भागकर अपना नाम बदल लिया। पहले वे ब्रह्मानंद यादव के नाम से जाने जाते थे, बाद में उन्होंने खुद को "ब्रह्मादीन" कहा ताकि आंदोलनों में नाम न आए।
मुंबई से शिक्षा प्राप्त करने के बाद वे मध्यप्रदेश के रीवा में आकर एक राजकीय स्कूल में शिक्षक बने। वर्ष 1987 में वे प्रिंसिपल के पद से रिटायर हुए। वे विद्यार्थी परिषद, विद्या भारती, विश्व हिंदू परिषद और संघ के कई संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़े रहे।
प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, जगदीश देवड़ा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राहुल खंडेलवाल सहित कई नेताओं ने ब्रह्मादीन यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। "मुख्यमंत्री जी के पूज्य ससुर श्री ब्रह्मादीन यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।" — राजेंद्र शुक्ला, डिप्टी सीएम मध्यप्रदेश
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।