
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को उज्जैन के ग्राम ढेंढिया में निर्माणाधीन श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ में आयोजित प्राण-प्रतिष्ठा और कुंभाभिषेक महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रृंगेरी शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी श्री विधुशेखर भारती महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने शंकराचार्य को अंगवस्त्र और फल की टोकरी भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवनिर्मित श्रीशारदापीठ श्रृंगेरी शंकर मठ में मां शारदा, मां अंबा, भगवान शिव, भगवान गणेश, कार्तिक स्वामी, हनुमानजी और नवग्रह देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया। उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन भी किया। प्राण-प्रतिष्ठा और पूजन की विधियां कर्नाटक के श्रृंगेरी मठ से आए विद्वान ब्राह्मणों के दल ने संपन्न कराईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शंकराचार्य स्वामी श्री विधुशेखर भारती महाराज का उज्जैन आगमन और उनका आशीर्वाद प्राप्त होना सौभाग्य की बात है। आदि गुरु शंकराचार्य ने सनातन धर्म की ध्वजा देशभर में स्थापित करने का महान कार्य किया। अब उज्जैन में भी शंकराचार्य का स्थान स्थापित होना गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रृंगेरी मठ सहित चारों मठों के शंकराचार्यों के स्थायी आवास उज्जैन में विकसित किए जाएं। प्रथम शंकराचार्य का स्थान यहां स्थापित हो चुका है, जबकि द्वारका शंकराचार्य ने भी उज्जैन में स्थान बनाने के लिए सहमति दी है और निर्माण कार्य जारी है। सरकार का लक्ष्य सभी शंकराचार्यों के स्थायी स्थान उज्जैन में विकसित करना है।
भूमिका मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन को विश्व धरोहर के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आध्यात्मिक महापुरुषों और शंकराचार्यों की उपस्थिति से शहर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गरिमा बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 और उसके बाद भी श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने में इन आध्यात्मिक केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। शंकराचार्य स्वामी के सान्निध्य से उज्जैन की सनातन, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को और मजबूती मिलेगी।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।