तिरंगा अभियान से जोड़ा जाएगा मध्यप्रदेश का हर एक घर, CM डॉ. मोहन यादव ने मांगा सहयोग

Published : Aug 11, 2025, 10:22 AM ISTUpdated : Aug 11, 2025, 10:23 AM IST
CM Mohan Yadav

सार

MP Tiranga Abhiyan: हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान की सीएम मोहन यादव ने शुरुआत की है। इसके लिए उन्होंने राज्य के लोगों का सहयोग मांगा है। अबतक 2.78 लाख इस अभियान का हिस्सा बन चुके हैं।

Independence Day Tiranga Abhiyan: 15 अगस्त आने से पहले सीएम मोहन यादव आजादी को लेकर अपनी बात रखते हुए दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि आजादी सबसे कीमती है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि स्वच्छता, शुचिता और मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स (स्वदेशी वस्तुएं) अपनाने की जागरूकता को भी हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभियान के दौरान प्रभावी गतिविधियां की जाएं। इसे ऑपरेशन सिंदूर के सैन्य पराक्रम से जोड़कर युवाओं की सहभागिता बढ़ाएं। अधिक से अधिक तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, मानव श्रृंखलाएं, साइकल रैली, बाइक रैली, रंगोली प्रतियोगिता और देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर अभियान में अधिकतम जनभागीदारी तय की जाए। आमजन को आसानी से राष्ट्रध्वज उपलब्ध कराए जाएं।

अभियान के साथ जोड़े जाएं सभी वर्गों के लोग

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा के दौरान जिले के स्थानीय जनप्रतिनिधियों से परामर्श लेकर जिले के प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, सांस्कृतिक मंडलों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, वरिष्ठ नागरिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों, पेंशनर्स, सेवानिवृत्त सैनिकों और समाजसेवियों को भी आवश्यक रूप से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को निवास स्थित समत्व भवन में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में उच्चस्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने बैठक में वर्चुअली जुड़े प्रदेश के सभी कमिश्नर्स, कलेक्टर्स, आईजी और पुलिस अधीक्षकों से कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समुचित समन्वय कर इस अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय होकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति, स्वच्छता और स्वदेशी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। हर घर तिरंगा अभियान में झण्डे के निर्माण और झण्डे के इतिहास से संबंधित कहानियों एवं प्रसंगों का प्रचार-प्रसार किया जाए। इस विषय पर बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा सकती हैं, इससे बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत होगी। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्राओं और तिरंगा रैलियों में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

बैठक में नजर आएं ये बड़े अधिकारी

बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह जे.एन. कंसोटिया, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल, अपर मुख्य सचिव संजय दुबे, अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य संदीप यादव, सचिव एवं आयुक्त जनसम्पर्क डॉ. सुदाम खाड़े सहित हर घर तिरंगा अभियान से जुड़े अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

देश-प्रदेश के विकास पर सीएम मोहन यादव का ध्यान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में सबकी सहभागिता और सबका योगदान जरूरी है। प्रदेश के हर नागरिक को हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का संचालन सुचारू और नियोजित तरीके से किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें। तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर आमजन हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि अभियान के शेष दिनों में सभी कलेक्टर्स प्रिंट, सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया, इलेक्ट्रानिक मीडिया आदि जनसंचार माध्यमों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। रोजाना की गतिविधियों को मीडिया को दें, जिससे जनसामान्य इस अभियान से जुड़ें।

हर घर में होगी तिरंगा अभियान से जुड़ी गतिविधियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के लिए झंडों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कर ली जाए। इसमें स्वसहायता समूहों की मदद भी लें। जिला पर्यटन विकास परिषद के माध्यम से तिरंगा यात्रा एवं अन्य आकर्षक आयोजनों के जरिए भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और देश की सांस्कृतिक विरासतों के बारे में जनसामान्य को बताएं। जिलों में मौजूद धार्मिक और लोकमान्यता वाले स्थलों पर भी हर घर तिरंगा से जुड़ी गतिविधियां की जाएं। साथ ही जिले के स्थानीय रणबांकुरों, क्रांतिकारियों, स्वतंत्रा सेनानियों तथा स्वतंत्रता के बाद देश की एकता और अखण्डता के लिए अपना बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का पुण्य स्मरण भी तिरंगा अभियान के दौरान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना के जवानों और विभिन्न अभियानों में शहीद हुए जवानों के परिजन को 13 से 15 अगस्त तक होने वाले हर घर तिरंगा अभियान एवं स्वाधीनता दिवस कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए। इसमें व्यापारिक और व्यावसयिक संगठनों का सहयोग लें। हर घर तिरंगा अभियान के अनुभवों का दस्तावेजीकरण भी कर लें।

2 लाख 87 हजार 345 नागरिकों ने दिया साथ

बैठक में अभियान के नोडल संस्कृति विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अभियान के अंतर्गत अब तक हुईं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान का प्रथम चरण बखूबी पूरा कर लिया गया है। प्रदेश के 406 निकायों में 1331 जनजागरूकता अभियान चलाए गए। करीब 1700 विद्यालयों में तिरंगा से प्रेरित सार्वजनिक कला एवं रंगोली का निर्माण किया गया। झण्डे के निर्माण के लिए 235 स्व-सहायता समूहों का सहयोग लिया गया। 980 सामुदायिक स्वच्छता अभियान चलाए गए। 1451 सीटी/पीटी जैसी सार्वजनिक सम्पत्ति के रखरखाव के लिए स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में अब तक 2 लाख 87 हजार 345 नागरिकों ने सहभागिता की। अभियान में एक लाख 72 हजार से अधिक विद्यार्थियों की भी सहभागिता दर्ज की गई है। अभियान का दूसरा चरण जारी है। इसमें वृहद स्तर पर गतिविधियां की जा रही हैं। केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सहयोग से स्थानीय उत्पादों, स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों, तिरंगे के रंग की थीम वाली वस्तुओं जैसे खाद्य सामग्री, वस्त्र, सौंदर्य प्रसाधन, श्रृंगार सामग्री आदि की बिक्री पर केन्दित तिरंगा मेला आयोजित किए जा रहे हैं। नगारिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेने और उसे हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभियान के तीसरे चरण में सभी शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थनों, होटलों, कार्यालयों, बांधों, पुलों आदि पर ध्वजारोहण समारोह और प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।

सामूहकि उत्सव और नागरिक एकता की भावना पर सबकुछ आधारित

बताया गया कि यह अभियान सामूहिक उत्सव और नागरिक एकता की भावना पर आधारित है, जिसमें स्वतंत्रता के सार को स्वच्छता और सुजलता के संकल्प से जोड़ा गया है। स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन के तहत गांवों/ग्राम पंचायतों में गतिविधियों की श्रृंखला, जिसमें स्वच्छ सुजल गांव प्रतिज्ञा, सामुदायिक सफाई अभियान, वाश परिसंपत्तियों की सफाई, जागरूकता गतिविधियों, जल संरक्षण और 15 अगस्त को अमृत सरोवर, सार्वजनिक स्थालों सहित प्रमुख वाश अवसंरचना स्थलों पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए जाएंगे। खाद्य विभाग द्वारा बताया गया कि प्रदेश की शासकीय उचित मूल्य दुकानों से अब तक 2 लाख 28 हजार से अधिक झण्डे वितरित किए जा चुके हैं।

डिवीजनल कमिश्नर्स और कलेक्टर्स ने दी सारी जानकारियां

बैठक में प्रदेश के सभी डिवीजनल कमिश्नर्स और कलेक्टर्स ने उनके संभाग/जिलों में हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान के अंतर्गत हो रही गतिविधियों की जानकारी दी। बताया गया कि जिलों में जनसहभागिता से तिरंगा यात्रा, बाइक रैली, तिरंगा मेले, रंगोली प्रतियोगिता, नागरिकों को कचरे के समुचित निपटान की जानकारी देकर स्वच्छता के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान के दूसरे और तीसरे चरण में इन गतिविधियों में और तेजी लाएंगे। कलेक्टर्स ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान में आवश्यकतानुसार झण्डे की पर्याप्त आपूर्ति के लिए ग्रामोद्योग एवं स्व-सहायता समूहों का सहयोग लिया जा रहा है। ज्ञात हो कि हर घर तिरंगा अभियान तीन चरणों में चलाया जा रहा है। पहले चरण में 2 से 8 अगस्त तक समाज में वातावरण निर्माण किया गया। दूसरा चरण 9 से 12 अगस्त तक चलेगा। तीसरा चरण 13 अगस्त से प्रारंभ होकर 15 अगस्त को पूरा होगा। स्वाधीनता दिवस के पावन अवसर पर केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में यह अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

ये है धर्मेंद्र का असली फैन: बर्थडे पर भोपाल में पूरे दिन फ्री चला रहे ऑटो
मध्यप्रदेश में नक्सलवाद पर बड़ी चोट: बालाघाट में 10 नक्सलियों ने मुख्यमंत्री के सामने किया सरेंडर