
MP Board Result 2025: जब मेहनत इरादों से टकराती है, तो नतीजे इतिहास बन जाते हैं। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) द्वारा मंगलवार, 6 मई को घोषित किए गए हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षाओं के नतीजों में ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला। इस बार भी विंध्य अंचल के छात्रों का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। सिंगरौली की प्रज्ञा जायसवाल ने 10वीं कक्षा में 500 में से 500 अंक प्राप्त कर प्रदेश की टॉपर बनीं, वहीं अमरपाटन की प्रियल द्विवेदी ने 12वीं में 492 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।
इस वर्ष एमपी बोर्ड हाईस्कूल का परिणाम 64.85% रहा है, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में 9.79 प्रतिशत अधिक है। वहीं, 12वीं कक्षा का परिणाम 72.34% रहा है, जिसमें 8.86 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह सुधार प्रदेश के शिक्षा स्तर में निरंतर हो रही प्रगति का संकेत है।
एमपी बोर्ड ने जिला स्तरीय मैरिट सूची भी जारी की है, जिसमें सतना जिले के 17 छात्रों ने 12वीं की मैरिट सूची में जगह बनाई है। उचेहरा के ध्रुव शुक्ला ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अन्य प्रमुख नामों में पिंडरा की कृष्णा देवी वर्मा (दूसरा स्थान) और सरस्वती ज्ञान मंदिर के उज्जवल सिंह (तीसरा स्थान) शामिल हैं।
| छात्र का नाम | स्कूल का नाम | प्राप्तांक | प्रदेश में स्थान |
| दीपिका सिंह | व्यंकट क्र. एक | 483/500 | दूसरा |
| दुर्गेश कुशवाहा | शाउमावि. श्यामनगर | 477/500 | सातवां |
| इशिका श्रीवास्तव | गार्जियन गाइड स्कूल | 475/500 | नौवां |
| अनामिका बैस | विद्या निकेतन सतना | 474/500 | दसवां |
| छात्र का नाम | स्कूल | प्राप्तांक | प्रदेश में स्थान |
| शिवांश पांडेय | सनराइज पब्लिक स्कूल | 497/500 | चौथा |
| अमित कुमार पटेल | सरस्वती शिशु मंदिर | 492/500 | नौवां |
| वंशिका सिंह | सरस्वती शिशु मंदिर माधवगढ़ | 482/500 | दसवां |
12वीं साइंस टॉपर प्रियल द्विवेदी का सपना है कि वह भविष्य में IAS बने। प्रियल ने बताया कि वह रोज 8 से 10 घंटे पढ़ाई करती थीं। पिता शिक्षक और मां गृहणी हैं। उनकी सफलता में माता-पिता का विशेष योगदान है।
गणित संकाय में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले हर्ष पांडेय ने 11वीं के बाद से ही तैयारी शुरू कर दी थी। प्रतिदिन 6 से 8 घंटे पढ़ाई की। उनके पिता अधिवक्ता हैं और हर्ष इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं।
दीपिका सिंह, जो प्रदेश में 10वां स्थान लाई हैं, का सपना है डॉक्टर बनने का। उन्होंने दिन में 10–12 घंटे पढ़ाई की और हर डाउट को टीचर्स से समझा। मां निजी स्कूल में शिक्षिका हैं और पिता ऑनलाइन दुकान चलाते हैं।
10वीं में स्टेट टॉपर रही आकांक्षा शुक्ला ने इस बार 12वीं में भी सफलता दोहराई है। वे शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं और प्रोफेसर बनने की आकांक्षा रखती हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी टीपी सिंह ने बताया कि छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से सतना और मैहर का नाम प्रदेशभर में रोशन हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 12वीं का रिजल्ट 63.48% और 10वीं का 55% था, जिसमें इस बार उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
यह भी पढ़ें: UP वालों के लिए जरूरी खबर! लागू हुए नए Parking Rules! जानिए
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।