
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर जिले के संतुलित विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सिंगरौली जिले के विकास, गौरव और जनकल्याण को समर्पित यह दिन जिले के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में सिंगरौली को प्रदेश का सबसे विकसित और आधुनिक शहर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को बैढ़न स्थित चून कुमारी स्टेडियम में आयोजित सिंगरौली महोत्सव एवं नगर गौरव दिवस-2026 कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास कार्यों के साथ-साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का भी विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य धाम देशवासियों के लिए आस्था का केंद्र बना है, वहीं भोजशाला में मां वाग्देवी का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के लिए हर नगर में गीता भवन निर्माण की दिशा में काम कर रही है। इससे सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति से जुड़ सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगरौली केवल ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख केंद्र नहीं है, बल्कि यह विकास, संस्कृति और नई संभावनाओं का भी बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि सिंगरौली महोत्सव और नगर गौरव दिवस जैसे आयोजन जिले की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों को आगे भी हर वर्ष उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा, ताकि जिले की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को और मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री एवं सिंगरौली जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, मध्यप्रदेश गृह एवं अधोसंरचना निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन और विधायक रामनिवास शाह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सिंगरौली महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लिया और जिले के विकास को लेकर सरकार की योजनाओं पर उत्साह व्यक्त किया।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।