
मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों को किताबों से निकालकर बच्चों की जिंदगी से जोड़ने की कोशिश अब एक दिलचस्प मुकाबले में बदल गई है। एमपी टूरिज्म राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 में प्रदेश के 53 जिलों से 24 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। फाइनल में बालाघाट की टीम ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया। धार दूसरे और सीधी तीसरे स्थान पर रहा। खास बात यह है कि विजेता टीमों को सिर्फ मेडल और प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश घूमने का मौका भी मिलेगा।
कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बालाघाट के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की टीम प्रथम रही। धार के पब्लिक स्कूल ने दूसरा और सीधी के काशी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता की थीम 'द ट्रेजर आर्ट ऑफ एमपी' थी। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
यह भी पढ़ें: Sonia Gandhi Book: आखिर अपनी कहानी खुद क्यों लिखने बैठीं सोनिया गांधी?
पर्यटन विभाग ने विजेता टीमों के लिए खास पुरस्कार रखे। प्रथम स्थान वाली टीम को 5 दिन और 4 रात, दूसरे स्थान वाली टीम को 4 दिन और 3 रात, जबकि तीसरे स्थान वाली टीम को 3 दिन और 2 रात का निःशुल्क मध्यप्रदेश टूर पैकेज मिलेगा। फाइनल में सीधी, धार, मुरैना, सतना, बालाघाट और उमरिया की छह टीमें पहुंचीं। अन्य फाइनलिस्ट टीमों को भी मध्यप्रदेश भ्रमण का अवसर दिया गया है।
राज्यमंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि क्विज के जरिए विद्यार्थियों को प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से जोड़ने के साथ पर्यटन क्षेत्र में करियर के अवसरों से परिचित कराना उद्देश्य है।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि पर्यटन की जानकारी युवाओं के लिए भविष्य में ट्रैवल और टूरिज्म इंडस्ट्री में करियर के रास्ते खोल सकती है। विभाग के मुताबिक, इस पहल से अब तक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 21 लाख से ज्यादा विद्यार्थी मध्यप्रदेश पर्यटन से जुड़ चुके हैं।
यह भी पढ़ें : MLC Election Result: अखिलेश ने दी आंदोलन और केस की चेतावनी, चुनाव आयोग ने क्या कहा?
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।