
IMD Mumbai Rainfall Alert : महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। शुक्रवार रात इतना पानी बरसा कि जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। हर तरफ जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। वहीं मुंबई के विक्रोली (पश्चिम) के वर्षा नगर में जनकल्याण सोसायटी में दर्दनाक हादसा हो गया है, यहां हुए भूस्खलन की वजह से दो लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रुप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना की खबर लगते ही पुलिस और आसपास के लोग मौके पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरु कर दिया गया। मौसम विभाग ने प्रदेश के 6 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।
दरअसल, यह दर्दनाक घटना शुक्रवार रात 2 से ढाई के बीच की बताई जा रही है। जहां वर्षा नगर में जनकल्याण सोसायटी के पास की पहाड़ी का कुछ हिस्सा ढहने से मिट्टी और पत्थर एक झोपड़ी पर आ गिरे। जिसमें चार लोग मलबे में दब गए, दो को तो जिंदा निकाल लिया गया, लेकिन दो को नहीं बचाया जा सका। खबर लगते ही रात को लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद एमएफबी, पुलिस और वार्ड स्टाफ मौके पर पहुंचे।
बता दें कि इस हादसे में जिन दो लोगों की मौत हुई है, मुंबई पुलिस ने इनकी पहचान शालू मिश्रा (19) और सुरेश मिश्रा (50) के रूप में की है। वहीं अन्य दो घायलों की पहचान आरती मिश्रा (45) और ऋतुराज मिश्रा (20) के रूप में हुई है। जिनका ट्रॉमा वार्ड में इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बता दें कि बारिश को लेकर महाराष्ट्र मौसम विभाग ने मुंबई में अलर्ट जारी किया हुआ है। मुंबई और आसपास भारी जलभराव, ट्रैफिक बाधाएं है।
मुंबई में अगस्त 2025 के मॉनसून सीजन में अब तक औसतन 1,400 मिमी से अधिक बारिश दर्ज हुई है। इससे कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और भूस्खलन जैसी घटनाएं बार-बार सामने आई हैं। महाराष्ट्र मौसम विभाग द्वारा 16 अगस्त को मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 3-4 घंटों के दौरान रत्नागिरी, रायगढ़, मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, पालघर ज़िलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी है।
मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।