
Vishal Gawli Case: देश को झकझोर देने वाले महाराष्ट्र के ठाणे अंतर्गत कल्याण नाबालिग रेप-मर्डर केस में आरोपी विशाल गवली (35) की तलोजा सेंट्रल जेल में रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है, लेकिन परिवार और वकील हत्या की आशंका जता रहे हैं।
तलोजा जेल के शौचालय में गवली का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार, गवली ने तौलिये से फांसी लगाकर आत्महत्या की। खारघर पुलिस ने पंचनामा कर शव को मुंबई के जेजे अस्पताल भेजा।
गवली के वकील संजय ढाकाने और परिजनों ने आरोप लगाया कि ये आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने बताया कि गवली को पहले से जान का खतरा था और सुरक्षा की मांग की गई थी। “बदलापुर स्कूल केस के आरोपी अक्षय शिंदे की तरह इसका भी हाल किया गया है। गवली की मौत की गहन जांच होनी चाहिए।” — वकील संजय ढाकाने
गवली पर आरोप था कि उसने दिसंबर 2024 में कल्याण के कोलसेवाड़ी क्षेत्र से 12 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसके साथ बलात्कार किया और फिर उसकी हत्या कर दी। शव पडघा के बापगांव गांव में मिला था।
पुलिस ने गवली और उसकी पत्नी साक्षी को गिरफ्तार किया था। दोनों पर अपहरण, बलात्कार, हत्या और सबूत मिटाने जैसी धाराएं लगाई गई थीं। फरवरी 2025 में पुलिस ने अदालत में 948 पन्नों की चार्जशीट दायर की थी।
विशाल गवली की जेल में हुई मौत ने फिर एक बार भारतीय जेल सिस्टम और न्याय प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह नैतिक न्याय था या साजिश के तहत सजा, इसकी जांच से ही सच्चाई सामने आएगी।
मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।