
Pune rape case: पुणे पुलिस ने रविवार को कहा कि 22 साल की डेटा साइंटिस्ट महिला ने अपने साथ रेप की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसके साथ कोई बलात्कार नहीं हुआ। उसने "झूठी शिकायत" की, पुलिस को गुमराह किया।
पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा कि महिला ने रिपोर्ट की थी कि डिलीवरी एजेंट ने उसपर हमला किया। उसने मनगढ़ंत आरोप लगाए। महिला ने आरोप लगाया था कि बुधवार को एक अजनबी व्यक्ति कूरियर डिलीवरी मैन बनकर उसके कोंढवा स्थित फ्लैट में घुसा और दरवाजा बंद कर दिया। उसने बेहोश करने के लिए केमिकल छिड़का फिर उसके साथ रेप किया। महिला ने दावा किया कि हमलावर ने उसके फोन से एक सेल्फी ली। धमकी भरा मैसेज छोड़ा कि वह फिर आएगा।
पुणे के सीपी अमितेश कुमार ने कहा, "यह पाया गया कि महिला ने झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। उसकी शिकायत ने पुणे पुलिस को गुमराह किया। अभी दो दिन पहले पुणे सिटी पुलिस के सामने एक घटना आई थी। इसका इस्तेमाल यह कहानी बनाने के लिए किया गया कि पुणे में महिलाओं से संबंधित कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। पुणे को महिलाओं के लिए असुरक्षित दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस प्रशासन के पूरे संसाधनों को तैनात करके, हमने 24 घंटे के भीतर मामले को सुलझा लिया। किसी को भी फर्जी कहानियों के जरिए सबसे सुरक्षित माने जाने वाले शहर पुणे को बदनाम करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।"
पुलिस की जांच में पता चला कि सेल्फी में दिख रहा व्यक्ति महिला को जानता था। अमितेश कुमार ने बताया कि दोनों एक-दूसरे को सालों से जानते हैं। वे एक ही समुदाय से हैं। सेल्फी महिला ने खुद ली थी और बाद में उसका चेहरा आंशिक रूप से छिपाने के लिए उसे एडिट किया गया। धमकी भरा मैसेज भी उसी ने टाइप किया था।
महिला ने जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया वह हाई क्वालिफाइड प्रोफेशनल है। पुलिस ने हिरासत लेकर उससे पूछताछ की। फोरेंसिक विश्लेषण में रासायनिक हमले का कोई सबूत नहीं मिला। वहीं, सीसीटीवी फुटेज में कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसता नहीं दिखा। अपार्टमेंट के डिजिटल एंट्री सिस्टम ने भी उस समय किसी डिलीवरी एजेंट को रिकॉर्ड नहीं किया।
अमितेश कुमार ने कहा, "कोई केमिकल स्प्रे इस्तेमाल नहीं किया गया। इस समय लड़की की दिमागी हालत ठीक नहीं है। रेप वाली बात की अभी भी जांच हो रही है।"
मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।