महाराष्ट्र में महिला सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल, जब केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे (Raksha Khadse) की बेटी से छेड़छाड़ हुई। जानें क्या बोले देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) और कांग्रेस का इस पर क्या कहना है।
Union Minister Raksha Khadse daughter molested: महाराष्ट्र में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठ खड़ा हुआ है। पुणे में रेप का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे (Raksha Khadse) की बेटी के साथ छेड़छाड़ की घटना ने राज्य की कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। जलगांव (Jalgaon) जिले के एक मेले में केंद्रीय मंत्री की बेटी के साथ छेड़छाड़ हुई। इस घटना के बाद कांग्रेस व महा विकास अघाड़ी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) से इस्तीफे की मांग की है। विपक्ष ने कहा कि जब केंद्रीय मंत्री की बेटी ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता का क्या हाल होगा यह समझा जा सकता है। हालांकि, केंद्रीय मंत्री ने भी राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि अगर मेरी बेटी ही सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिकों की स्थिति क्या होगी? मैं मुख्यमंत्री से मिलकर कानून व्यवस्था को मजबूत करने की मांग करूंगी।
रावेर सीट से तीन बार सांसद रहीं सुश्री खडसे ने कहा कि पूरे महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और कानून का कोई डर नहीं है। उन्होंने कहा कि कई लड़कियां आगे आने से हिचकिचाती हैं, लेकिन हमें चुप नहीं रहना चाहिए।
रक्षा खडसे मोदी सरकार में केंद्रीय युवा मामलों और खेल राज्यमंत्री हैं। उनकी बेटी शिवरात्रि मेले में गई थी। जहां उनके साथ छेड़छाड़ हुई। यही नहीं बेटी के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों के साथ भी शोहदों ने मारपीट की है। इस घटना के बाद केंद्रीय मंत्री खड़से खुद जलगांव के कोथाली पुलिस स्टेशन पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। उनके साथ बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।
रक्षा खडसे ने कहा: शिवरात्रि (Shivratri) के अवसर पर हर साल कोथाली में एक यात्रा आयोजित होती है। मेरी बेटी भी इस मेले में गई थी, जहां कुछ लड़कों ने उसके साथ अभद्रता की। मैं यहां एक मां के रूप में न्याय मांगने आई हूं, न कि एक केंद्रीय मंत्री के रूप में।
मुक्ताईनगर के डिप्टी एसपी कुशनात पिंगड़े (Kushanat Pingde) ने बताया कि आरोपियों ने कई लड़कियों के साथ बदसलूकी की और जब उनके बॉडीगार्ड्स ने विरोध किया तो उनसे भी झगड़ा किया। सात आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों पर छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और आईटी एक्ट (IT Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है क्योंकि उन्होंने लड़कियों के वीडियो भी बनाए थे।
रक्षा खडसे ने मीडिया से कहा: अगर मेरी बेटी ही सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिकों की स्थिति क्या होगी? मैं मुख्यमंत्री से मिलकर कानून व्यवस्था को मजबूत करने की मांग करूंगी।
इस घटना को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल (Harshwardhan Sapkal) ने कहा: जब केंद्रीय मंत्री की बेटी ही सुरक्षित नहीं तो आम लोगों की बेटियों की हालत क्या होगी? राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। देवेंद्र फडणवीस को इस्तीफा देना चाहिए।
इस पूरे मामले पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा कि घटना में एक विशेष पार्टी के कार्यकर्ता शामिल थे और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फडणवीस ने कहा कि दुर्भाग्य से इस अपराध में एक विशेष राजनीतिक दल के लोग शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। बाकी को भी जल्द ही पकड़ा जाएगा। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में पुणे में एक चौंकाने वाला रेप केस (Pune Rape Case) सामने आया था। पिछले मंगलवार को पुणे के स्वारगेट डिपो (Swargate Depot) में एक खाली बस में 26 वर्षीय युवती के साथ बलात्कार हुआ। इस मामले में आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे (Dattatray Ramdas Gade) को एक धान के खेत से गिरफ्तार किया गया। वह पहले भी चोरी, डकैती और चैन स्नैचिंग के मामलों में गिरफ्तार हो चुका था, लेकिन 2019 से जमानत पर बाहर था।
यह भी पढ़ें:
3 बच्चों के पिता ने खुद को कुंवारा बताकर रचाई शादी, 2 साल बाद सामने आई सच्चाई