
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत नाथ नगरी बरेली अब सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कला के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित होने जा रही है। शहर के महत्वपूर्ण चौराहों, मार्गों, धार्मिक स्थलों और सरकारी परिसरों में कुल 19 भव्य फोकस वॉल बनाई जाएँगी।
इन फोकस वॉल पर भारत की प्राचीन सभ्यता, नाथ परंपरा, महाभारतकालीन इतिहास और बरेली की स्थानीय सांस्कृतिक विरासत का शानदार चित्रण होगा। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रविंद्र कुमार के अनुसार यह पहल युवाओं और पर्यटकों को भारत के गौरवशाली अतीत और समृद्ध संस्कृति से परिचित कराएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की सोच है कि उत्तर प्रदेश की सभ्यता को ग्लोबल टूरिज्म मॉडल से जोड़ा जाए, जिससे पर्यटन, रोजगार और सांस्कृतिक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिले।
फोकस वॉल पर बनने वाले भित्ति–चित्र अजंता–एलोरा की शैली पर आधारित होंगे। इन चित्रों में- भगवान शिव के त्रिशूल और डमरू, नाथ योगियों के प्रतीक, देवी–देवताओं की आकृतियाँ, बरेली की आध्यात्मिक पहचान महाभारतकालीन इतिहास और स्थानीय लोककला को खूबसूरत कलात्मक रूप दिया जाएगा। पर्यटन विभाग ने उन स्थानों का चयन किया है जहाँ से हर दिन सबसे अधिक पर्यटक और राहगीर गुजरते हैं, ताकि फोकस वॉल लोगों का ध्यान तुरंत आकर्षित कर सके।
फोकस वॉल इन प्रमुख स्थानों पर बनाई जाएँगी-
नैनीताल, रामनगर, काठगोदाम, पीलीभीत टाइगर रिजर्व, दुधवा नेशनल पार्क और उत्तराखंड की ओर जाने वाले हजारों यात्री रोज बरेली से गुजरते हैं। अब फोकस वॉल उनकी नजरों में पहली बार बरेली की आध्यात्मिक परंपरा, प्राचीन पहचान और लोककला को लाएंगी। यह परियोजना स्थानीय कलाकारों, पेंटरों, शिल्पियों और तकनीकी कर्मचारियों के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी। पर्यटन विभाग का कहना है कि फोकस वॉल तैयार होने के बाद बरेली को उत्तर प्रदेश के धार्मिक–सांस्कृतिक पर्यटन मार्ग में शामिल करने का प्रस्ताव भी है।
इस परियोजना पर 621.33 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पर्यटन अधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि बरेली केवल झुमके तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह योगियों, सिद्ध–नाथों, ऋषि–मुनियों और प्राचीन सभ्यता का नगर है।
फोकस वॉल आने वाली पीढ़ियों को बरेली की असली सांस्कृतिक आत्मा से जोड़ने का महत्वपूर्ण जरिया बनेंगी। यह परियोजना शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ सांस्कृतिक पुनर्जीवन और पर्यटन अर्थव्यवस्था का बड़ा कदम है।
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।