भारत पर्व 2025: CM योगी स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से बोले- 'गुजरात सदैव देश को दिशा देने वाला राज्य रहा है'

Published : Nov 13, 2025, 09:39 AM IST
bharat parv 2025 CM Yogi Adityanath gujarat statue of unity ekta nagar

सार

भारत पर्व 2025 में गुजरात पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार पटेल को नमन किया। उन्होंने कहा कि गुजरात भारत को दिशा देने वाली भूमि है और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, पीएम मोदी के विजन से भारत की एकता का प्रतीक बन गया है।

एकता नगर (गुजरात)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुजरात हमेशा से भारत को दिशा देने वाला राज्य रहा है। भगवान श्रीकृष्ण उप्र से आकर इसी भूमि पर द्वारिकाधीश बने और धर्म की स्थापना को आगे बढ़ाया। स्वामी दयानंद सरस्वती ने यहां से आर्य समाज आंदोलन की शुरुआत की। यही भूमि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जैसी महान विभूतियों की कर्मभूमि रही है। गुजरात भगवान सोमनाथ और नागेश्वर नाथ की पवित्र धरा है, जिसने स्वदेशी से स्वावलंबन की भावना को जन्म दिया।

योगी आदित्यनाथ ने भारत पर्व 2025 में की भागीदारी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गुजरात के एकता नगर पहुंचे, जहां उन्होंने सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भारत पर्व 2025 में भाग लिया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर लौहपुरुष सरदार पटेल को नमन किया।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी: भारत की एकता का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें 2018 में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन का अवसर मिला था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे राष्ट्र को समर्पित किया था। आज यह स्थल विश्व पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यह मूर्ति भारत की एकता की प्रतिमूर्ति है और प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारत अब अपने महापुरुषों की विरासत को सम्मान देते हुए भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी का विकसित भारत का विजन

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विरासत, विकास और गरीब कल्याण की परंपरा को बढ़ाते हुए विकसित भारत का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या का भव्य राम मंदिर, केदारनाथ-बद्रीनाथ का पुनर्निर्माण और महाकाल लोक जैसी परियोजनाएँ भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक शक्ति को प्रदर्शित करती हैं। योगी ने बताया कि काशी में हर साल 11 से 12 करोड़ श्रद्धालु आते हैं, जबकि अयोध्या में छह से आठ करोड़ लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

सरदार पटेल: भारत की अखंडता के शिल्पी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत की अखंडता की नींव रखी। अंग्रेज नहीं चाहते थे कि भारत एक रहे, लेकिन सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता से 563 रियासतों को भारत गणराज्य में शामिल कर ‘एक भारत’ का निर्माण किया। आज प्रधानमंत्री मोदी उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारत को ‘श्रेष्ठ भारत’ बना रहे हैं।

नया भारत सुरक्षा और संप्रभुता से समझौता नहीं करता

सीएम योगी ने कहा कि जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतों को सरदार पटेल ने दृढ़ता से भारत में मिलाया। उन्होंने बताया कि नया भारत अब अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता से कोई समझौता नहीं करता। जो भी भारत की एकता को चुनौती देगा, उसे जवाब जरूर मिलेगा। पिछले 11 वर्षों में देश ने इसे स्पष्ट रूप से देखा है।

भारत पर्व में दिखी भारत की विविधता

भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश सहित गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय जैसे राज्यों के कलाकारों ने लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी कलाकारों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

सीएम योगी ने किया पवेलियनों का अवलोकन

सीएम योगी ने भारत दर्शन पवेलियन और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग सहित विभिन्न राज्यों के प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य से उनका स्वागत किया। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के नारों से सीएम का स्वागत किया। उन्होंने विजिटर्स बुक में अपने अनुभव भी दर्ज किए और नर्मदा नदी के सुंदर दृश्य का आनंद लिया।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Lucknow Weather Today: लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम?
एग्जाम हॉल में अचानक गिर पड़ा छात्र… कुछ ही मिनटों में खत्म हो गई सांसें, वजह...?