
Online Gaming Marriage Scam: ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया के जरिए रिश्ते बनने की खबरें आम हो चुकी हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की एक लड़की के लिए यह रिश्ता किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। कोरोना लॉकडाउन के दौरान शुरू हुई एक ऑनलाइन लूडो गेम फ्रेंडशिप ने उसकी जिंदगी को पूरी तरह बदलकर रख दिया।
2020 में अयोध्या की रहने वाली एक संविदा स्वास्थ्य कर्मी लड़की ऑनलाइन लूडो खेल रही थी। गेम के दौरान उसकी दोस्ती सिम्मी नाम की एक लड़की से हुई। दोनों की अच्छी खासी बातचीत होने लगी, लेकिन कुछ समय बाद लड़की को खबर मिली कि सिम्मी की मौत हो चुकी है।
इसके बाद सिम्मी की आईडी से एक अनिकेत शर्मा नाम के लड़के का मैसेज आया, जिसने बताया कि वह अब सिम्मी की आईडी चला रहा है। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी हो गई, फोन नंबर एक्सचेंज हुए और फिर बात शादी तक पहुंच गई।
यह भी पढ़ें: मुस्कान पार्ट-2: प्यार में पागल बीवी ने लिखी खूनी दास्तान, पति की जान लेने के लिए प्रेमी संग रची साजिश!
अनिकेत ने लड़की को बताया कि वह पंजाब के नवांशहर स्थित मोहन नगर का रहने वाला है और ऑस्ट्रेलिया में नौकरी करता है। उसने लड़की को शादी के लिए मना लिया, और 6 मई 2023 को दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। शादी में लड़की के परिवार वाले मौजूद थे, लेकिन अनिकेत के घरवाले नहीं आए। अनिकेत ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही उसे अपने ससुराल ले जाएगा।
शादी के बाद दोनों ने अयोध्या के होटल में तीन दिन बिताए, लेकिन 9 मई 2023 को अनिकेत ने अचानक कहा कि उसे ऑफिस के काम से ऑस्ट्रेलिया लौटना होगा। वह चला गया, लेकिन फिर धीरे-धीरे उसकी हरकतें बदलने लगीं। जब लड़की ने उसके पास आने की बात कही, तो वह हर बार बहाने बनाने लगा। इस दौरान अनिकेत ने लड़की से 5 लाख रुपये भी मांगे और पैसे न देने पर उसे छोड़ने की धमकी दी।
लड़की ने तंग आकर टूरिस्ट वीजा लेकर 19 सितंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया पहुंचने का फैसला किया। लेकिन वहां पहुंचते ही अनिकेत का झूठ सामने आ गया। पता चला कि अनिकेत पहले से शादीशुदा था और उसके माता-पिता पंजाब में रहते हैं।
लड़की जब अनिकेत के घरवालों से मिली तो उन्होंने उसे भगा दिया और गाली-गलौज की। बाद में अनिकेत और उसकी पत्नी किटी शर्मा ने एक नकली तलाक का कागज दिखाया और कहा कि वे अलग हो चुके हैं।
किटी शर्मा की बातों पर भरोसा कर लड़की दोबारा अनिकेत के साथ ऑस्ट्रेलिया गई। लेकिन वहां पहुंचते ही अनिकेत का असली चेहरा सामने आ गया। आरोप है कि अनिकेत ने लड़की को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वह हर दिन उसे पीटता और एक कमरे में बंद रखता था। किसी तरह लड़की भारत लौटी और अयोध्या पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई।
लड़की की शिकायत के बाद अयोध्या पुलिस ने अनिकेत और उसके परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी (IPC 420) और मारपीट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और अनिकेत के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें: "नीले ड्रम में डाल दूंगी!" – पहले दांतों से चबाया, फिर सिर फोड़ा, पत्नी की खौफनाक धमकी से कांपा पति!
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।