कभी टेंट में विराजमान थे रामलला आज बना पक्का घर, 22 जनवरी को पूरे देश में मनाएं दिवाली: नरेंद्र मोदी

Published : Dec 30, 2023, 04:22 PM ISTUpdated : Dec 30, 2023, 04:46 PM IST
PM Narendra Modi speech

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में कहा कि एक समय था, जब यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं बल्कि पक्का घर देश के 4 करोड़ गरीबों को भी मिला है।

अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अयोध्या की यात्रा की। उन्होंने नए एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने राम मंदिर का जिक्र किया। पीएम ने कहा, "आज पूरी दुनिया उत्सुकता के साथ 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है। ऐसे में अयोध्यावासियों में ये उत्साह और उमंग स्वाभाविक है। भारत की मिट्टी के कण-कण और भारत के जन-जन का मैं पुजारी हूं और मैं भी आपकी तरह उतना ही उत्सुक हूं।"

पीएम ने कहा, "दुनिया में कोई भी देश हो, अगर उसे विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचना है तो उसे अपनी विरासत को संभालना ही होगा। हमारी विरासत हमें प्रेरणा देती है। हमें सही मार्ग दिखाती है। इसलिए आज का भारत, पुरातन और नूतन दोनों को आत्मसात करते हुए आगे बढ़ रहा है।"

उन्होंने कहा, "एक समय था, जब यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं बल्कि पक्का घर देश के 4 करोड़ गरीबों को भी मिला है। आज भारत अपने तीर्थों को संवार रहा है। वहीं, डिजिटल टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी हमारा देश छाया हुआ है।"

पीएम ने कहा, "आज भारत काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्निमाण के साथ ही देश में तीस हजार से ज्यादा पंचायत भवन भी बनवा रहा है। आज देश में सिर्फ केदारधाम का पुनर्उद्धार नहीं हुआ है, बल्कि 315 से ज्यादा नए मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। आज देश में महाकाल महालोक का निर्माण ही नहीं हुआ है बल्कि हर घर जल पहुंचाने के लिए पानी की दो लाख से ज्यादा टंकियां भी बनवाई है। हम चांद, सूरज और समुद्र की गहराइयों को भी नाप रहे हैं।"

यूपी के विकास को दिशा देगी अयोध्या
नरेंद्र मोदी ने कहा, "अयोध्या पूरे यूपी के विकास को दिशा देने वाली है। अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बनने के बाद यहां आने वाले लोगों की संख्या में बहुत बड़ी वृद्धि होगी। इसे ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार अयोध्या में हजारों करोड़ रुपए के विकास कार्य करा रही है। आज मुझे अयोध्या धाम एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करने का सौभाग्य मिला है। मुझे खुशी है कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है।"

22 जनवरी को मनाएं दिवाली
नरेंद्र मोदी ने कहा, "22 जनवरी को जब अयोध्या में प्रभु राम विराजमान हों अपने घरों में भी श्रीराम ज्योति जलाएं, दीपावली मनाएं। 22 जनवरी की शाम पूरे हिन्दुस्तान में जगमग होनी चाहिए। लेकिन साथ ही सभी देशवासियों से मेरी एक प्रार्थना और भी है। हर किसी की इच्छा है कि 22 जनवरी को होने वाले आयोजन का साक्षी बनने के लिए वो खुद अयोध्या आए। आप भी जानते हैं कि हर किसी का आना संभव नहीं है।"

उन्होंने कहा, "अयोध्या में सबका पहुंचना बहुत मुश्किल है। इसलिए सभी रामभक्तों से मेरी प्रार्थना है कि 22 जनवरी को एक बार विधिपूर्वक कार्यक्रम हो जाने के बाद, 23 तारीख के बाद अपनी सुविधा के अनुसार अयोध्या आएं। 22 तारीख को अयोध्या आने का मन नहीं बनाएं। प्रभु राम जी को तकलीफ हो ऐसा हम भक्त कभी नहीं कर सकते। प्रभु राम जी पधार रहे हैं तो हम भी कुछ दिन इंतजार करें। 550 साल इंतजार किया है। कुछ दिन और इंतजार कीजिए।"

यह भी पढ़ें- मीरा मांझी के घर पीएम ने पी चाय, बच्चों को खूब दुलारा, देखें दिल जीतने वाली 7 तस्वीरें

पीएम ने कहा, “आज मेरा एक आग्रह अयोध्या के भाई-बहनों से भी है। अब देश-दुनिया के लोग लगातार, हर रोज अयोध्या आते रहेंगे और ये सिलसिला अब अनंत काल तक चलेगा। इसलिए अब आपको भी एक संकल्प लेना है। ये संकल्प है अयोध्या नगर को भारत को सबसे स्वच्छ शहर बनाने का। स्वच्छ अयोध्या अब यहां के निवासियों की जिम्मेदारी है। देश के सभी तीर्थ क्षेत्रों से और मंदिरों से मेरा आग्रह है कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन से पूरे देश के सभी तीर्थ स्थलों पर स्वच्छता का बहुत बड़ा अभियान चलाना है। हर मंदिर में सफाई का अभियान हमें 14 जनवरी से 22 जनवरी तक चलाना है।”

यह भी पढ़ें- जानें कितना खास है अयोध्या का नया रेलवे स्टेशन, मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Lucknow killer Son : पापा के कत्ल के बाद भी बहन खून का घूंट पी गई, बताया क्यों कसाई बना भाई
Lucknow Murder Case: बाप को काटकर नीले ड्रम में भरने वाले बेटे का एक और सच आया सामने