योगी सरकार ने संचारी रोगों के खिलाफ छेड़ा अभियान, जानें क्या है तैयारी?

Published : Oct 01, 2024, 06:01 PM IST
Yogi-Adityanath-government-launched-communicable-disease-control-campaign

सार

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने वेक्टर जनित और संचारी रोगों से निपटने के लिए 1 अक्टूबर से व्यापक अभियान शुरू किया है। इस अभियान में 13 विभाग मिलकर काम करेंगे और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे, साथ ही फॉगिंग और एंटीलार्वा का छिड़काव भी किया जाएगा।

लखनऊ, 1 अक्टूबर: योगी सरकार ने बारिश से पनपने वाले वेक्टर जनित रोगों, संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश भर में 1 अक्टूबर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया है, जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसी के साथ 11 अक्टूबर से दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा, जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 13 विभाग आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वहीं सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अभियान में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संचारी रोगाें की रोकथाम के लिए जागरुकता जरूरी है। ऐसे में खुद और दूसरों को संचारी रोगों को लेकर सचेत करें।

योगी सरकार संचारी रोगों के खात्मे की दिशा में लगातार कर रही प्रयास

सीएम योगी के निर्देश पर राजधानी के अलीगंज स्थित सीएचसी से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। इसी के साथ पूरे प्रदेश में अभियान का आगाज हुआ। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख सचिव स्वास्थ्य चिकित्सा एवं परिवार कल्याण पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि सरकार लगातार संचारी रोगों के खात्मे की दिशा में प्रयास कर रही है। साल में अलग-अलग माह में अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत मंगलवार से संचारी रोगों को खत्म करने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में टीमें घर-घर जाएंगी। यह अभियान पूरे माह चलेगा। उन्हाेंने कहा कि प्रदेश भर में 13 विभाग आपसी समन्वय बनाकर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, कालाजार समेत दूसरे संचारी रोगों पर प्रहार करेंगे। वहीं सीएम योगी के अथक प्रयास से संचारी रोगों पर रोकथाम के लिए काफी हद तक कामयाबी भी मिली है। प्रमुख सचिव ने प्रदेशवासियों से घर के भीतर व बाहर पानी न जमा होने, खाली प्लाॅट में साफ-सफाई, गंदगी न जमा होने देने की अपील की।

बुखार को न करें नजरअंदाज, तुरंत लें डॉक्टर की सलाह

अभियान के तहत प्रदेश के सभी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार फॉगिंग कराने के साथ एंटीलार्वा का छिड़काव किया जाएगा। इसके अलावा सफाई अभियान चलाया जाएगा ताकि संचारी रोगों से लोगों को बचाया जा सके। स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर जांच करेंगे। वह घरों में पनपने वाले लार्वा को खत्म करने में मदद करेंगे। डेंगू-मलेरिया का मरीज मिलने पर घर के बाकी सदस्य व उसके आसपास के लोगों की भी जांच कराई जाएगी। अभियान के दौरान डेंगू, मलेरिया व दूसरे संचारी रोगों के लिए संवेदनशील इलाकों को चिन्हित किया जाएगा। इन इलाकों में फॉगिंग, एंटीलार्वा का छिड़काव, साफ-सफाई कराई जाएगी। लोगों को रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने और बुखार आदि के मरीज मिलने पर कैंप लगाकर जांच कराई जाएगी। अभियान में लोगों से बुखार को नजरअंदाज न करने और डॉक्टर की सलाह लेने की भी अपील की गयी।

PREV

उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

बारात पहुंची, तभी पुलिस लेकर आ गई गर्लफ्रेंड... फिर जो हुआ उसने सबको चौंका दिया
Weather Update 22 July 2026: दिल्ली-NCR समेत 7 राज्यों में बारिश का बड़ा अलर्ट, IMD ने बताया कहां बरसेंगे सबसे ज्यादा बादल