Pravasi Uttarakhandi Sammelan: मेडिकल प्लांट से मार्केटिंग तक, विकसित उत्तराखंड के लिए प्रवासियों ने खोला सुझावों का पिटारा

Published : Nov 13, 2026, 07:41 PM IST
Pravasi Uttarakhandi Sammelan viksit uttarakhand vision document 2047

सार

विकसित उत्तराखंड 2047 के लक्ष्य को लेकर प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में विशेषज्ञों ने मेडिकल प्लांट, पर्यटन, मार्केटिंग और युवाओं को मार्गदर्शन देने के सुझाव दिए।

देहरादून। विकसित उत्तराखंड के निर्माण में अब प्रवासी उत्तराखंडी भी अपनी भागीदारी निभाने के लिए उत्साहित हैं। राज्य सरकार की ओर से विकास को लेकर किए जा रहे प्रयासों को लेकर प्रवासियों में सकारात्मक माहौल है। उनका मानना है कि उत्तराखंड में अपार संभावनाएं हैं और यहां के विकास को नई गति देने के लिए वे सरकार के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं। प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के दूसरे सत्र में विशेषज्ञों की चर्चा से यही बात सामने आई। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने राज्य के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

विकसित उत्तराखंड 2047 विजन डॉक्यूमेंट पर काम कर रही राज्य सरकार

सत्र की अध्यक्षता करते हुए उत्तराखंड के प्रमुख सचिव डॉ. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि राज्य सरकार विजन डॉक्यूमेंट 2047 को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। इसके लिए तीन चरणों में विकास की रणनीति तैयार की गई है। पहले चरण में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, फिर तेज और सतत विकास को आगे बढ़ाने और अंत में तय लक्ष्यों को हासिल करने पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों में विकास का स्तर एक जैसा नहीं है। इस असमानता को दूर करने के लिए जिला स्तर पर भी अलग-अलग विजन डॉक्यूमेंट तैयार किए जा रहे हैं, ताकि हर जिले की जरूरतों और संभावनाओं के मुताबिक विकास की योजना बनाई जा सके।

मेडिकल प्लांट की वैज्ञानिक खेती से बदलेगी उत्तराखंड की तस्वीर

जीबी पंत नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन एनवायरमेंट के पूर्व निदेशक और पद्मश्री से सम्मानित प्रोफेसर एएन पुरोहित ने राज्य सरकार के विजन डॉक्यूमेंट की सराहना की। उन्होंने इसे एक बेहतरीन दस्तावेज बताया। प्रो. पुरोहित ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर राज्य है। इन संसाधनों का सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो विकास की रफ्तार बढ़ सकती है। खासतौर पर मेडिकल प्लांट यानी औषधीय पौधों की वैज्ञानिक तरीके से खेती को बढ़ावा देना जरूरी है। इससे न केवल स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, बल्कि विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल करने में भी मदद मिलेगी।

सहकारिता मॉडल से विकास को मिलेगी नई रफ्तार, योजनाओं की जानकारी पहुंचाना जरूरी

केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के तहत एलआईएनएसी के महानिदेशक डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि सहकारिता मॉडल के जरिए उत्तराखंड को विकास की राह पर तेजी से आगे ले जाया जा सकता है। देश के दूसरे हिस्सों में भी सहकारिता के माध्यम से कई क्षेत्रों में अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ तभी आम लोगों तक पहुंचेगा, जब उन्हें इन योजनाओं की सही और समय पर जानकारी मिलेगी। इसके लिए एक मजबूत सूचना व्यवस्था तैयार करना जरूरी है, ताकि लोगों को योजनाओं के बारे में आसानी से पता चल सके।

शहरी सुधार, बेहतर पर्यावरण और पर्यटन पर फोकस करने की जरूरत

आईआईएफटी के पूर्व कुलपति प्रो. मनोज पंत ने कहा कि बदलते समय के साथ उत्तराखंड को शहरी सुधार और शहरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि अच्छा पर्यावरण, फल, खाद्य उत्पाद और पर्यटन राज्य की बड़ी ताकत हैं। इन क्षेत्रों को केंद्र में रखकर विकास की योजनाएं आगे बढ़ाई जानी चाहिए। उनका मानना था कि उत्तराखंड के पास ऐसे कई मजबूत पक्ष हैं, जिनके आधार पर राज्य अपनी अलग पहचान बना सकता है। जरूरत इन संभावनाओं को सही दिशा में आगे बढ़ाने की है।

उत्तराखंड के उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग पर देना होगा ध्यान

डिश टीवी के सीओ और ईडी मनोज डोभाल ने उत्तराखंड के उत्पादों की मार्केटिंग को लेकर महत्वपूर्ण बात रखी। उन्होंने कहा कि राज्य के उत्पादों की गुणवत्ता अच्छी है, लेकिन उन्हें बाजार में बेहतर तरीके से पहुंचाने और उनकी पहचान बनाने के लिए मार्केटिंग पर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि केवल अच्छे उत्पाद तैयार करना काफी नहीं है। उनकी सही ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार भी जरूरी है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इनके बारे में जान सकें और बाजार में इनकी मांग बढ़े।

प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभव का लाभ युवाओं को देने का सुझाव

पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के सीईओ और जनरल सेक्रेटरी डॉ. रणजीत मेहता ने प्रवासी उत्तराखंडियों को राज्य के विकास से जोड़ने के लिए एक विशेष प्लेटफॉर्म बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा मंच तैयार किया जाना चाहिए, जहां अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे विशेषज्ञ प्रवासी उत्तराखंडी अपने अनुभव और ज्ञान को युवाओं के साथ साझा कर सकें। इससे राज्य के युवाओं को मार्गदर्शन मिलेगा और उन्हें अपने करियर तथा कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में विशेषज्ञों ने साझा किए विचार

विकसित उत्तराखंड की परिकल्पना में प्रवासियों की भूमिका पर आयोजित इस सत्र का समन्वय डॉ. मनोज पंत ने किया। वहीं, कार्यक्रम के संचालन में दून विश्वविद्यालय के प्रो. एचसी पुरोहित ने सहयोग दिया। इस दौरान यमुनानगर से आए भारतभूषण जुयाल और दिल्ली से पहुंचे डॉ. मायाराम उनियाल ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में प्रवासी उत्तराखंडी परिषद के उपाध्यक्ष पूरण चंद्र नैलवाल ने विषय विशेषज्ञों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

PREV

उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Uttarakhand News: प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में CM धामी ने गिनाई राज्य की उपलब्धियां
Uttarakhand News: उत्तराखंड दौरे पर आए MP CM मोहन यादव, कहा- 'देवभूमि का हमेशा से रहा है खास आकर्षण'