
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की सुगबुगाहट के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपना चुनाव अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बड़ी बैठक होने जा रही है। इस अहम बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश चुनाव प्रभारी राम माधव हिस्सा लेंगे। ANI से फोन पर बातचीत में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि पहले दिन यानी 21 नवंबर को पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों की बैठक होगी। इसके बाद 22 नवंबर को प्रदेश कार्यसमिति की विस्तृत बैठक रखी गई है, जिसमें चुनाव की तैयारियों और आगे की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। बैठक में सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन भी मौजूद रहेंगे।
पार्टी ने इस बार कार्यसमिति की बैठक हरिद्वार में करने का फैसला इसलिए लिया है, क्योंकि पिछले चुनावों में यहां बीजेपी का प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा था। भट्ट ने आगे बताया कि 15 नवंबर को मसूरी में भी एक बैठक होनी है। इसमें विधानसभा स्तर पर 'त्रिदेव सम्मेलन' और अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। इसके अलावा, बीजेपी ने राज्य स्थापना दिवस के मौके पर बुधवार से 15 दिनों का एक कार्यक्रम शुरू किया है, जो राज्य के सभी 'शक्ति केंद्रों' पर आयोजित किया जाएगा।
इस महीने के अंत तक बीजेपी का चुनावी अभियान पूरी रफ्तार पकड़ लेगा। इसके लिए पार्टी करीब एक दर्जन केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रम तय कर रही है। प्रदेश संगठन ने केंद्रीय नेतृत्व से 12 बड़े नेताओं की लिस्ट मांगी है। भट्ट के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर जैसे बड़े नेताओं के लिए समय मांगा गया है। उन्होंने बताया कि नवंबर और दिसंबर के दौरान पूरे राज्य में विधानसभा स्तर पर कई बड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
नवंबर और दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम भी तय किए जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो पीएम मोदी राज्य के मैदानी और पहाड़ी दोनों इलाकों में एक या दो रैलियों को संबोधित कर सकते हैं। फिलहाल पार्टी इन दौरों का पूरा एक्शन प्लान तैयार करने में जुटी है।
उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।