Uttarakhand News: देहरादून चिड़ियाघर में आया सफेद बाघ तेजस, कॉलेज छात्रों के लिए CM धामी की खास सौगात

Published : Nov 19, 2026, 01:04 PM IST
Pushkar Singh Dhami Dehradun Zoo white tiger tejas

सार

उत्तराखंड के देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ तेजस का नया बाड़ा खुला। CM पुष्कर सिंह धामी ने कॉलेज विद्यार्थियों के लिए मुफ्त प्रवेश की घोषणा भी की।

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के नए बाड़े का लोकार्पण किया। इसके साथ ही सफेद बाघ को पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा। यहां आने वाले पर्यटकों को अब वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिड़ियाघर को पर्यटन के साथ-साथ वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बताया। उन्होंने कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए चिड़ियाघर में मुफ्त प्रवेश की सुविधा शुरू करने की भी घोषणा की।

देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ तेजस बना नया आकर्षण

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं। चिड़ियाघर से सालाना सात करोड़ रुपये से अधिक की आय भी होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से यहां पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में दूसरी प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे। उनके आने से भी पर्यटकों की दिलचस्पी बढ़ी थी।

कॉलेज छात्रों को देहरादून चिड़ियाघर में मिलेगी मुफ्त एंट्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिड़ियाघर में कॉलेज के विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे पहले बच्चों के लिए भी मुफ्त भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके अच्छे नतीजे सामने आए हैं। इस पहल से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानने और प्रकृति के साथ उनके संबंध को समझने का मौका मिला है। अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, चिड़ियाघर का भ्रमण विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी देने में मददगार होगा। इससे युवाओं में प्रकृति और पर्यावरण को लेकर जिम्मेदारी का भाव भी विकसित होगा।

वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का केंद्र है चिड़ियाघर

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर को केवल घूमने-फिरने या मनोरंजन की जगह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी एक अहम माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जंगलों की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना जरूरी है। वन्यजीवों का संरक्षण जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही जरूरी लोगों को इनके महत्व के बारे में जागरूक करना भी है।

उत्तराखंड में विकास के साथ पर्यावरण संतुलन जरूरी: CM धामी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय लिहाज से बेहद संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल अलग-अलग तरह की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों को आगे बढ़ाते समय पर्यावरणीय संतुलन का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन बनाकर विकास की दिशा में काम कर रही है। उत्तराखंड देश के उन प्रमुख राज्यों में शामिल है, जहां बड़े स्तर पर वन क्षेत्र मौजूद है। राज्य की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता हमारी महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सरकार के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

वन मंत्री सुबोध उनियाल समेत कई अधिकारी रहे मौजूद

सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े के लोकार्पण के अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, वन विभाग के प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल समेत वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

PREV

उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Uttarakhand UP Asset Dispute: लखनऊ में CM धामी ने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात, संपत्ति विवादों पर हुई अहम चर्चा
Igass Festival 2026: CM धामी ने निभाई भैलो की परंपरा, लोक संस्कृति के रंग में रंगा मुख्यमंत्री आवास