
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी है। गौ सेवा को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने की जरूरत है, ताकि प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बन सकें।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान पशु आयुर्वेद और पारंपरिक ज्ञान से जुड़े शैक्षणिक कार्यक्रम की शुरुआत के साथ कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के अंतर्गत विकसित विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। वहीं, आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर की आधारशिला रखी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में ये पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा करेंगी। यहां से प्रशिक्षित होने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी नए विचारों को आगे बढ़ाने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को भी मजबूती देंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी पावन भूमि से पूरी मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। उनके जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण को केवल धार्मिक आस्था तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से है। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति इस सोच को जमीन पर उतारने के लिए महत्वपूर्ण काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, समिति गौ सेवा को केवल गोवंश के संरक्षण तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि इसे आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ रही है। आज ऐसे प्रयासों की जरूरत है, जिनमें प्राचीन परंपराओं और आधुनिक विज्ञान के बीच बेहतर तालमेल हो। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिलना चाहिए। इससे गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के नए रास्ते खुलेंगे। गौ सेवा के क्षेत्र में परंपरा और विज्ञान का यह मेल आने वाले समय में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के बीच मां यमुना के धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा देवभूमि उत्तराखंड और ब्रजभूमि को जोड़ती है। यमुनोत्री धाम से निकलने वाली यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन देती हुई ब्रजभूमि को सिंचित करती हैं।
उन्होंने उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना के दर्शन और स्नान के बाद अपनी यात्रा शुरू करते थे। धामी ने बताया कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को फिर से स्थापित करने के उद्देश्य से वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है। हाल ही में इस घाट का लोकार्पण भी किया गया है। इसके साथ ही वहां मां यमुना की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है। उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आने तथा मां यमुना की आरती में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से संभव नहीं है। इसके लिए ठोस कार्य और लगातार प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि नदियों का संरक्षण, गोवंश का संरक्षण एवं संवर्धन और अनुसंधान को नई दिशा देने जैसे प्रयास हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। धामी ने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समिति द्वारा किए जा रहे प्रयास उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को अपना योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण, अनुसंधान और भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयास इस दिशा में महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के पदाधिकारी और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।