
देहरादून। इंटरनेशनल फिल्म मेकर्स की एक टीम ने रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान दुनिया के मशहूर ब्रिटिश म्यूजिक बैंड 'द बीटल्स' (The Beatles) पर आधारित एक इंटरनेशनल फिल्म की उत्तराखंड में शूटिंग को लेकर चर्चा हुई। फिल्म मेकर्स ने सीएम धामी को बताया कि इस प्रोजेक्ट का नाम 'क्लोवर' (CLOVER) है। इसकी शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश की ऐतिहासिक 'चौरासी कुटिया' में होगी, जिसे लोग 'बीटल्स आश्रम' के नाम से भी जानते हैं।
इस इंटरनेशनल प्रोजेक्ट को ऑस्कर विनर डायरेक्टर सर सैम मेंडेस डायरेक्ट कर रहे हैं। एप्पल कॉर्प्स (Apple Corps) के साथ मिलकर सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस इसे प्रोड्यूस कर रहा है। इस प्रोजेक्ट में 'द बीटल्स' के चारों मेंबर्स की जिंदगी और उनके म्यूजिकल सफर पर चार अलग-अलग फिल्में बनेंगी। इस सीरीज का नाम 'द बीटल्स - ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट' रखा गया है। प्रेस रिलीज के मुताबिक, ये फिल्में अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होंगी।
मेकर्स ने बताया कि ऋषिकेश में होने वाली इस शूटिंग में 100 से ज्यादा इंटरनेशनल और करीब 150 भारतीय क्रू मेंबर्स शामिल होंगे। इनके अलावा लोकल टेक्नीशियन और सपोर्ट स्टाफ भी काम करेगा। भारत में इस फिल्म के प्रोडक्शन का ग्राउंड को-ऑर्डिनेशन 'ऑन द रोड इंडिया' (On The Road India) संभाल रही है। इस प्रोजेक्ट से इलाके में रोजगार के नए मौके बनेंगे और होटल, ट्रांसपोर्ट जैसे बिजनेस को भी फायदा मिलेगा।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की वजह से उत्तराखंड आज भारत की सबसे पसंदीदा फिल्म डेस्टिनेशन बन चुका है। राज्य सरकार की 'फिल्म नीति 2024' के तहत फिल्म मेकर्स को हर जरूरी सुविधा और अच्छा माहौल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड में ज्यादा से ज्यादा देसी और विदेशी फिल्म प्रोजेक्ट्स लाने की कोशिश कर रही है, ताकि लोकल कलाकारों, टेक्नीशियन और युवाओं को रोजगार मिल सके।
सीएम ने योग और आध्यात्म के केंद्र के रूप में ऋषिकेश की ग्लोबल पहचान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 'द बीटल्स' का इस शहर से पुराना और ऐतिहासिक नाता रहा है। ऋषिकेश में इस इंटरनेशनल फिल्म की शूटिंग होने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दुनिया भर में और ज्यादा पहचान मिलेगी। साथ ही राज्य में इंटरनेशनल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। सीएम से मिलने वाली इस टीम में बाफ्टा (BAFTA) नॉमिनी ब्रिटिश फिल्म प्रोड्यूसर एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म प्रोड्यूसर दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।
उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।