Uttarakhand News: खटीमा में Oxygen Park शुरू, CM धामी ने किए बड़े विकास के ऐलान

Published : Sep 01, 2026, 04:47 PM ISTUpdated : Sep 01, 2026, 04:48 PM IST
uttarakhand khatima nagar van oxygen park

सार

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। स्टेडियम, सर्किट हाउस, वेंडिंग जोन समेत कई विकास कार्यों की घोषणा की।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में पौधरोपण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान उन्होंने खटीमा के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तार, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करने के साथ ही खटीमा में स्टेडियम, क्रियाशाला और सर्किट हाउस के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा शहर में वेंडिंग जोन विकसित करने की भी बात कही।

खटीमा में बनेगा सर्किट हाउस, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। यह क्षेत्र व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश की ओर जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए अहम मार्ग है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए खटीमा में सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर सुविधाओं का विकास भी जरूरी है। सर्किट हाउस बनने से यहां आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर ठहरने की सुविधा मिल सकेगी।

नगर वन ऑक्सीजन पार्क से मिलेगा स्वच्छ और हरित वातावरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क के निर्माण से खटीमा के लोगों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा। पार्क को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि शहर के हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्क में महिलाओं की सुविधा का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने परिसर में पिंक शौचालय बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

Global Warming और Climate Change के बीच पर्यावरण संरक्षण जरूरी

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे समय में वनों और पर्यावरण का महत्व पहले से कहीं अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। विकास की प्रक्रिया में प्रकृति और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। राज्य सरकार की प्राथमिकता भी यही है कि आर्थिक गतिविधियों को पर्यावरण के साथ संतुलन बनाकर आगे बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर भी तैयार किए जा सकते हैं। विकास ऐसा होना चाहिए जिसमें पर्यावरण की सुरक्षा के साथ स्थानीय लोगों के हित भी जुड़े रहें।

Electric Vehicles और Solar Energy पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में इलेक्ट्रिक वाहनों, ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना भविष्य की जरूरत है और सरकार इस दिशा में आवश्यक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दे रही है।

सांसद अजय भट्ट ने की मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों की सराहना

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने खटीमा में नगर वन ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, किशन सिंह किन्ना, रणजीत सिंह नामधारी, आयोग के सदस्य डॉ. जेड. ए. वारसी, गुड्डू टम्टा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, रणदीप पोखरिया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, वन संरक्षक नीतिशमणि त्रिपाठी, डीएफओ दीपक सिंह, यू.सी. तिवारी, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए।

PREV

उत्तराखंड के तीर्थ-पर्यटन केंद्रों, पहाड़ी इलाकों, मौसम, सरकारी योजनाओं और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ें। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और पहाड़ी ज़िलों की रिपोर्ट्स के लिए Uttarakhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय और विस्तृत राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Uttarakhand News: CM धामी की पहल, 8 साल के बच्चे के इलाज की राह आसान
MDDA Action: ऋषिकेश-डोईवाला में अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई, 3 भवन सील