
iPhone price difference India Dubai: भारत में आईफोन का क्रेज हमेशा से हाई रहा है। नया मॉडल आते ही लोग इसे खरीदने के लिए किसी भी हद तक चले जाते हैं। कुछ लोग भारत में ही घंटों लाइन में लगकर फोन खरीदते हैं, तो कुछ सीधे दुबई की फ्लाइट पकड़ रहे हैं। लेकिन सवाल ये है कि दुबई में आईफोन भारत से कितना सस्ता है? और वहां से फोन लाने में कितने पैसे बच सकते हैं? आइए समझते हैं।
आईफोन 18 प्रो (iPhone 18 Pro) और आईफोन 18 प्रो मैक्स (iPhone 18 Pro Max) की सेल 18 सितंबर से शुरू हो चुकी है। दुबई में आईफोन 18 प्रो की शुरुआती कीमत 5,099 दिरहम है। भारतीय रुपये में ये रकम करीब 1.33 लाख रुपये बैठती है। वहीं, आईफोन 18 प्रो मैक्स की कीमत 5,499 दिरहम यानी लगभग 1.43 लाख रुपये है। ये दोनों ही फोन 256GB, 512GB, 1TB और 2TB स्टोरेज ऑप्शन में मिल रहे हैं।
भारत में आईफोन 18 प्रो के 256GB वाले बेस मॉडल की कीमत 1,64,900 रुपये है। जबकि आईफोन 18 प्रो मैक्स की शुरुआती कीमत 1,79,900 रुपये है। अगर हम सिर्फ शुरुआती कीमत की तुलना करें, तो दुबई में आईफोन 18 प्रो करीब 33 हजार रुपये सस्ता मिल रहा है। वहीं, आईफोन 18 प्रो मैक्स की कीमत में 36 से 38 हजार रुपये तक का बड़ा अंतर है।
अगर आप भारत से दुबई जाते हैं, तो फ्लाइट का टिकट, वीजा, वहां रुकने और खाने-पीने का अलग से खर्च आता है। इसके बावजूद कुछ भारतीय खरीदारों का कहना है कि दुबई से आईफोन लाना उनके लिए फायदे का सौदा है। मुंबई के रहने वाले अमन सोलंकी ने बताया कि फ्लाइट और वीजा का खर्च जोड़ने के बाद भी दुबई से फोन खरीदना भारत के मुकाबले सस्ता पड़ रहा है। अमन अपने परिवार के लिए कुल तीन आईफोन 18 प्रो मैक्स खरीद रहे हैं, इसलिए कीमत में अंतर होने की वजह से उनकी अच्छी खासी बचत हो रही है।
वहीं, केरल के रहने वाले मोहम्मद सैयद अपने परिवार से मिलने पहले ही दुबई गए हुए थे। जब उन्होंने भारत और दुबई की कीमतों की तुलना की, तो वहीं से नया आईफोन खरीदने का फैसला कर लिया। उनके हिसाब से उन्हें करीब 20 से 30 हजार रुपये की सीधी बचत हो रही है।
कुल मिलाकर बात ये है कि अगर आप सिर्फ एक फोन खरीदने के लिए दुबई जा रहे हैं, तो आपको पहले फ्लाइट, वीजा और वहां रुकने का खर्च जोड़ लेना चाहिए। लेकिन अगर आप एक से ज्यादा फोन खरीद रहे हैं या फिर आपका पहले से ही दुबई जाने का प्लान है, तो वहां से आईफोन खरीदने में आपको तगड़ा फायदा हो सकता है।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।