GTA 6 Launch: जीटीए 6 के लॉन्च से 2 दिन पहले Rockstar Games ने नए वेदर सिस्टम और फीचर्स से पर्दा उठाया है। जानें कैसे बारिश, घना कोहरा और मगरमच्छ बढ़ाएंगे गेमर्स की मुश्किलें।
GTA 6 New Features: गेमिंग की दुनिया में जिस पल का सालों से इंतजार हो रहा था, वो अब महज 48 घंटे दूर है। GTA 6 (Grand Theft Auto 6) के लॉन्च से ठीक 2 दिन पहले रॉकस्टार गेम्स (Rockstar Games) ने गेम के एक ऐसे खास फीचर से पर्दा उठाया है, जिसने गेमर्स का रोमांच दोगुना कर दिया है। इस बार वाइस सिटी (Vice City) की सड़कों पर सिर्फ पुलिस या गैंगस्टर ही आपकी मुश्किलें नहीं बढ़ाएंगे, बल्कि गेम का मौसम भी सबसे बड़ा विलेन बनकर सामने आएगा। दिलचस्प बात ये है कि गेम के मौसम से जुड़ी इन नई जानकारियों को असली दुनिया का मौसम बताने वाले 'The Weather Channel' के जरिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया गया है। साथ ही गेम की 6 नई और बेहद शानदार तस्वीरें भी जारी की गई हैं, जिन्हें देखकर असली और नकली दुनिया में फर्क करना मुश्किल हो रहा है।
Grand Theft Auto 6 में इलाके के हिसाब से बदलेगा मौसम का मिजाज
रॉकस्टार गेम्स के वाइस प्रेसिडेंट (आर्ट: लाइट एंड रेंडरिंग) ओवेन शेफर्ड के मुताबिक, GTA 6 को अब तक का सबसे रियलिस्टिक और गहरा अनुभव बनाने के लिए इसके वेदर सिस्टम को पूरी तरह नए सिरे से तैयार किया गया है। चूंकि गेम का मैप 'लियोनिडा' (Leonida) और वाइस सिटी असली दुनिया के फ्लोरिडा और मियामी से प्रेरित हैं, इसलिए यहां मौसम बेहद खतरनाक और अचानक बदलने वाला होगा। पूरे मैप में एक जैसा मौसम नहीं रहेगा, बल्कि हर इलाके की अपनी अलग चुनौती होगी।
GTA 6 में मौसम को लेकर क्या खास रहने वाला है?
GTA 6 में तेज बारिश में गाड़ी चलाना होगा मुश्किल
मैप के 'लियोनिडा कीज़' (Leonida Keys) इलाके में मूसलाधार बारिश होगी, जिससे सामने का रास्ता देखना तक मुश्किल हो जाएगा। रात या बारिश में गाड़ी चलाने में मदद के लिए कुछ सड़कों पर खास रिफ्लेक्टर्स लगाए गए हैं। अगर आपकी गाड़ी की हेडलाइट खराब हो जाती है, तो आपको 'कोस्टल ऑटो केयर' (Coastal Auto Care) गैराज जाकर उसे ठीक कराना होगा।
दलदल में तूफान और मगरमच्छों का खौफ
'पेलिकन वैली' (Pelican Valley) के दलदली इलाकों में आने वाले तूफान हालात को और बिगाड़ देंगे। तेज तूफान और खराब मौसम के बीच पानी में छिपे खतरनाक मगरमच्छों को देख पाना बेहद मुश्किल होगा यानी जरा सी चूक भारी पड़ सकती है।
समुद्र से उठने वाला घना कोहरा
तटीय इलाकों (Coastal Regions) में समुद्र की तरफ से आने वाला घना कोहरा पूरे रास्ते को ढक लेगा। 'गैम्बिट बे' (Gambit Bay) में भारी उमस के कारण जमीन के करीब हल्की धुंध (Mist) छाई रहेगी, जबकि समुद्री इलाकों में ट्रॉपिकल स्टॉर्म (उष्णकटिबंधीय तूफान) का सामना करना पड़ेगा। इसके अलावा 'की लेंटो' (Key Lento) कस्बे में तेज हवाओं और बारिश का नजारा भी देखने को मिलेगा।
GTA 6 कब और किन कंसोल पर खेल सकेंगे?
GTA 6 गुरुवार, 19 नवंबर को लॉन्च होने जा रहा है। ये गेम PlayStation 5 (PS5) और Xbox Series S/X कंसोल पर उपलब्ध होगा। जिन गेमर्स ने पहले ही इस गेम को प्री-ऑर्डर कर लिया है, वे अपने कंसोल पर इसकी प्री-लोडिंग (Pre-loading) शुरू कर सकते हैं, ताकि लॉन्च होते ही बिना इंतजार किए गेम खेल सकें।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल गेम डेवलपर Rockstar Games और आधिकारिक सोशल मीडिया अपडेट्स पर आधारित जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। गेम के फीचर्स, रिलीज टाइमिंग और कंसोल उपलब्धता से जुड़े किसी भी ताजा अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट जरूर देखें।










