आधी रात को गंदा ऑडिशन और सबकुछ खत्म! Reels बनाने वालों के लिए रेड अलर्ट

Published : Jun 08, 2026, 02:50 PM IST
fake audition scam

सार

Instagram-YouTube Reels Creators Scam: इंस्टाग्राम और यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर्स को फेक ऑफर में कैसे फंसाया जा रहा है? आधी रात के ऑडिशन कॉल में क्या खतरा छिपा होता है? T-Series के नाम पर कैसे हुआ स्कैम? फेक कॉन्ट्रैक्ट और वीडियो कॉल से ठग क्या हासिल करना चाहते हैं? ऐसे मैसेज आने पर क्या करें और खुद को कैसे बचाएं?

Reels Creators Alert: अगर आप भी इंस्टाग्राम या यूट्यूब पर रील्स बनाते हैं, आपका सपना एक्टिंग या मॉडलिंग की दुनिया में नाम कमाना है और आप हर वक्त किसी बड़े 'ब्रांड कोलैब' या 'म्यूजिक वीडियो' के ऑफर के इंतजार में रहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। सोशल मीडिया पर आजकल व्यूज और फेम पाने की रेस लगी है। इसी का फायदा उठाकर इंटरनेट पर स्कैमर्स का एक ऐसा गैंग एक्टिव हुआ है, जो आपको रातों-रात स्टार बनाने का झांसा देकर आपका सब कुछ छीन सकता है। जानिए इनसे कैसे बचें और क्या करें, क्या नहीं...

T-Series के नाम से आया फर्जी मेल, फंस गए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर

इंटरनेट पर यह मामला तब गरमाया जब मोहम्मद नूफ नाम की एक उभरती हुई सोशल मीडिया क्रिएटर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें म्यूजिक कंपनी 'T-Series' के नाम से एक ईमेल मिला। मेल में दावा किया गया कि कंपनी उन्हें अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स के लिए शॉर्टलिस्ट कर चुकी है। उन्हें 7 गानों के लिए 50,000 रुपए का ऑफर दिया गया। क्रिएटर को भरोसा दिलाने के लिए बाकायदा एक एग्रीमेंट लेटर भेजा गया, जिस पर कंपनी के मालिक भूषण कुमार के जाली साइन (सिग्नेचर) भी थे। बात करने का तरीका इतना फॉर्मल और प्रोफेशनल था कि कोई भी धोखा खा जाए।

आधी रात को वीडियो कॉल पर ऑडिशन

असली खेल तब शुरू हुआ जब 'कास्टिंग प्रोड्यूसर' ने ऑडिशन के नाम पर रात के वक्त वॉट्सएप (WhatsApp) पर वीडियो कॉल किया। शुरुआत में नॉर्मल एक्टिंग और डायलॉग्स बोलने को कहा गया, लेकिन धीरे-धीरे बातें बेहद आपत्तिजनक और गंदी होने लगीं। क्रिएटर को तुरंत अहसास हो गया कि यह कोई ऑफिशियल काम नहीं बल्कि एक घटिया जाल है। उन्होंने तुरंत कॉल काटा और अपनी प्राइवेसी बचाई, लेकिन हर कोई इतना किस्मत वाला नहीं होता है। क्योंकि ये ठग किसी को भी अपना शिकार बनाने के लिए एक सेट पैटर्न पर काम करते हैं।

T-Series ने जारी की चेतावनी

इस घटना के सामने आने के बाद खुद T-Series को सामने आना पड़ा। कंपनी ने साफ-साफ शब्दों में एक पब्लिक नोटिस जारी कर कहा है कि 'कुछ जालसाज हमारे नाम का गलत इस्तेमाल करके लोगों को ठग रहे हैं। हमारी कंपनी कभी भी किसी प्रोजेक्ट, ऑडिशन या कास्टिंग के लिए Gmail या किसी दूसरे अनऑफिशियल ईमेल आईडी का इस्तेमाल नहीं करती। हमारी सभी बातचीत सिर्फ हमारे ऑफिशियल डोमेन (Official Corporate Email) से होती है।'

फेक कास्टिंग और कोलैब का ये धंधा कैसे चलता है?

स्कैमर्स का फेवरेट टारगेट कौन है?

यह गैंग सबसे ज्यादा उन नए या छोटे क्रिएटर्स को ढूंढता है जो तेजी से आगे बढ़ना चाहते हैं। नए लोगों के पास इंडस्ट्री का ज्यादा एक्सपीरिएंस नहीं होता, इसलिए वे बड़ी कंपनियों का नाम सुनते ही बिना जांच-पड़ताल किए हां कह देते हैं। हालांकि, बड़े क्रिएटर्स को भी फंसाने के लिए ये ज्यादा एडवांस और प्रोफेशनल तरीके अपनाते हैं।

भरोसा जीतने के लिए अपनाई जाने वाली ट्रिक्स

  • इंस्टाग्राम या लिंक्डइन पर बड़े-बड़े नामी चेहरों या एजेंसियों की नकली प्रोफाइल बनाकर संपर्क करना।
  • लिमिटेड टाइम का प्रेशर दिया जाता है। कहा जाता है कि 'हमें कल सुबह तक ही कास्टिंग फाइनल करनी है, अगर आप अभी हां नहीं कहेंगे तो मौका हाथ से निकल जाएगा।' ऐसा कहकर सोचने का वक्त नहीं दिया जाता।
  • काम शुरू होने से पहले ही बड़ी रकम देने का वादा करना ताकि क्रिएटर का लालच जाग जाए।

सिर्फ वीडियो कॉल नहीं, इन तरीकों से भी होती है ठगी

रजिस्ट्रेशन या रिफंडेबल फीस

वीडियो कॉल के अलावा रजिस्ट्रेशन या रिफंडेबल फीस के नाम पर भी ठगी की जाती है। स्कैमर्स कहते हैं, 'शूट लोकेशन बुक करने या पोर्टफोलियो प्रोसेसिंग के लिए ₹5,000 एडवांस दीजिए, जो बाद में वापस मिल जाएंगे।' पैसे मिलते ही ये गायब हो जाते हैं।

डेटा और अकाउंट हैकिंग

आपको एक लिंक भेजा जाता है और कहा जाता है, 'इस ऐप को डाउनलोड करके अपनी प्रोफाइल रजिस्टर करो।' जैसे ही आप लिंक खोलते हैं, आपके फोन का एक्सेस उनके पास चला जाता है और आपका सोशल मीडिया अकाउंट या बैंक अकाउंट हैक हो जाता है।

ब्लैकमेलिंग का नया हथियार

आपके वीडियो या वॉइस (आवाज) को रिकॉर्ड करके, AI वॉइस क्लोनिंग या डीपफेक (Deepfake) की मदद से अश्लील वीडियो बना दिए जाते हैं। इसके बाद आपकी फैमिली या फॉलोअर्स को भेजने की धमकी देकर मोटी रकम वसूली जाती है।

असली और नकली का फर्क कैसे पहचानें?

  • असली कास्टिंग में बातचीत हमेशा ऑफिशियल ईमेल आईडी (जैसे- name@companyname.com) से होगी। जबकि नकली में ईमेल हमेशा @gmail.com, @yahoo.com या किसी रैंडम नंबर से आएगा।
  • असली में ऑडिशन हमेशा दिन के वक्त, प्रॉपर स्टूडियो या उनके ऑफिस सेटअप में होते हैं। जबकि फेक में ऑडिशन के नाम पर आधी रात को पर्सनल वॉट्सएप वीडियो कॉल की जिद की जाती है।
  • असली में काम देने के बदले असली कंपनियां कभी एक रुपया भी नहीं मांगतीं। जबकि नकली में किसी न किसी बहाने (फाइल चार्ज, मेडिकल, ट्रैवल) पैसे मांगे जाते हैं।
  • असली ऑडिशन में कॉन्ट्रैक्ट और एग्रीमेंट की लीगल कॉपीज सामने बैठकर या ऑफिशियल पोर्टल पर साइन होती हैं। जबकि नकली में वॉट्सएप पर स्पेलिंग मिस्टेक्स और अजीब ग्रामर वाले एग्रीमेंट पेपर्स भेजे जाते हैं।

अगर ऐसा कोई मैसेज या मेल आए, तो तुरंत क्या करें?

  • उस कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं और उनके करियर या कास्टिंग सेक्शन में दी गई ईमेल आईडी से मेल को मैच करें।
  • गूगल या इंस्टाग्राम पर उस सेंडर का नाम या नंबर डालकर चेक करें। अक्सर दूसरे क्रिएटर्स ने ऐसे फ्रॉड्स के खिलाफ पहले ही पोस्ट डाली होती है।
  • किसी भी अनजान PDF फाइल, एग्रीमेंट लिंक या ऐप को अपने फोन में डाउनलोड न करें।
  • अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 2-स्टेप वैरिफिकेशन (2-Step Verification) हमेशा ऑन रखें।
  • अपनी बेहद पर्सनल डिटेल्स जैसे घर का एड्रेस, पर्सनल फोन नंबर अपने सोशल मीडिया बायो या पोस्ट में न डालें।

अगर धोखा हो चुका है, तो क्या करें?

अगर आप अनजाने में ऐसे किसी जाल में फंस गए हैं और आपके पास कोई आपत्तिजनक कॉल या मैसेज आया है, तो डरें नहीं। तुरंत उस अकाउंट को ब्लॉक और रिपोर्ट करें। बातचीत के सारे स्क्रीनशॉट और एग्रीमेंट पेपर्स को सबूत के तौर पर संभाल कर रखें। बिना समय गंवाए भारत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। आपकी पहचान पूरी तरह सीक्रेट रखी जाती है।

 

PREV

नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Foldable iPhone Update: Apple के मुड़ने वाले फोन की पहली झलक, डिजाइन और फीचर्स लीक!
मेड की 3 महीने की सैलरी में सालों का आराम ! घर लाएं स्मार्ट क्लीनिंग रोबोट