
स्मार्टफोन बाजार में वनप्लस के अगले फ्लैगशिप फोन, OnePlus 16 का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब इस फोन से जुड़ी कुछ नई जानकारियां लीक हुई हैं। हालांकि कंपनी ने अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन चीन के मशहूर टिपस्टर 'डिजिटल चैट स्टेशन' के लीक ने टेक की दुनिया में हलचल मचा दी है। नई रिपोर्ट्स की मानें तो OnePlus 16 बेहद शानदार डिस्प्ले फीचर्स के साथ लॉन्च हो सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, OnePlus 16 के इंजीनियरिंग सैंपल में 185Hz रिफ्रेश रेट वाले डिस्प्ले की टेस्टिंग चल रही है। यह एक बड़ी बात है, क्योंकि आजकल ज्यादातर फ्लैगशिप स्मार्टफोन 120Hz से 165Hz तक के रिफ्रेश रेट के साथ आते हैं। 185Hz का मतलब है कि स्क्रॉलिंग और गेमिंग का अनुभव पहले से कहीं ज्यादा स्मूथ हो जाएगा। पहले ऐसी अफवाहें थीं कि फोन में 240Hz का डिस्प्ले हो सकता है, लेकिन नई रिपोर्ट्स बताती हैं कि इतना हाई रिफ्रेश रेट आम इस्तेमाल के लिए प्रैक्टिकल नहीं है। इसलिए, फाइनल मॉडल में 185Hz का डिस्प्ले दिया जा सकता है।
खबर है कि OnePlus 16 में चीन की डिस्प्ले बनाने वाली कंपनी BOE का 6.78 इंच का 1.5K रेजोल्यूशन वाला पैनल इस्तेमाल किया जाएगा। यह डिस्प्ले पिछले मॉडल्स के मुकाबले ज्यादा ब्राइटनेस, बेहतर कलर एक्यूरेसी और कम पावर की खपत वाला होगा। इसके अलावा, यह भी कहा जा रहा है कि स्क्रीन के चारों तरफ के बेजल्स (किनारे) एक मिलीमीटर से भी कम मोटे होंगे। इससे फोन को एक प्रीमियम लुक मिलेगा और स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो भी बेहतर होगा।
प्रोसेसर की बात करें तो उम्मीद है कि इस फोन में क्वालकॉम का अब तक लॉन्च नहीं हुआ स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 6 चिपसेट दिया जाएगा। माना जा रहा है कि यह चिपसेट ज्यादा स्पीड, बेहतर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षमता और कम बैटरी की खपत करेगा। आपको बता दें कि पिछले साल चीन में लॉन्च हुए OnePlus 15 में 6.78 इंच का QHD+ एमोलेड डिस्प्ले था, जिसका रिफ्रेश रेट 165Hz तक था। साथ ही, इसमें 7,300mAh की बैटरी और 120W वायर्ड फास्ट चार्जिंग भी दी गई थी।
फिलहाल, OnePlus 16 से जुड़ी ये सभी जानकारियां सिर्फ अफवाहों पर आधारित हैं। लेकिन ये लीक इस बात का इशारा जरूर करते हैं कि कंपनी डिस्प्ले टेक्नोलॉजी में कुछ नया और बड़ा करने की तैयारी में है। उम्मीद है कि आने वाले महीनों में कंपनी की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।