
नई दिल्ली: चीनी स्मार्टफोन ब्रांड OnePlus को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है, जिसने यूजर्स के बीच चिंता बढ़ा दी है। अफवाहें हैं कि कंपनी कुछ ग्लोबल बाजारों से अपना कामकाज बंद करने की तैयारी में है। ये जानकारी टेक टिप्स्टर योगेश बरार ने X (पहले ट्विटर) पर शेयर की है, जिसके बाद से ही इस पर चर्चा तेज हो गई है। संकेत मिल रहे हैं कि कंपनी कुछ देशों में अपनी मौजूदगी कम करने की योजना बना रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन में वनप्लस का कामकाज पहले की तरह ही चलता रहेगा। लेकिन, अमेरिका, यूके और यूरोप के कुछ हिस्सों से कंपनी बाहर निकल सकती है। वहीं, भारत के लिए अच्छी खबर यह है कि वनप्लस यहां बना रहेगा। हालांकि, टिप्स्टर का कहना है कि अब कंपनी का फोकस प्रीमियम फ्लैगशिप मॉडल्स के बजाय बजट और मिड-रेंज फोन पर ज्यादा होगा।
इन खबरों ने यूजर्स को परेशान कर दिया है। लेकिन कंपनी ने इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। इससे पहले भी जब ऐसी अफवाहें उड़ी थीं, तो वनप्लस इंडिया के सीईओ रॉबिन लियू ने साफ किया था कि कंपनी देश में अपना ऑपरेशन बंद नहीं कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि कंपनी अपने 'नेवर सेटल' (Never Settle) के नारे के साथ आगे बढ़ती रहेगी।
इस पूरे विवाद की शुरुआत 'एंड्रॉयड हेडलाइंस' की एक रिपोर्ट से हुई थी। रिपोर्ट में कहा गया था कि 2024 में कंपनी की शिपमेंट में कमी आई है, कुछ प्रोडक्ट्स कैंसिल कर दिए गए हैं और अमेरिका-यूरोप में कर्मचारियों की संख्या भी घटाई गई है। यह भी बताया गया कि कंपनी के बड़े फैसले अब चीन से लिए जा रहे हैं, जिससे पश्चिमी बाजारों में लॉन्च कम हो गए हैं। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि कंपनी ने अपनी दूसरी पीढ़ी का फोल्डेबल फोन और एक कॉम्पैक्ट फ्लैगशिप मॉडल भी बंद कर दिया है। हालांकि, इनमें से किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। भारतीय यूजर्स के लिए फिलहाल घबराने वाली कोई बात नहीं है। माना जा रहा है कि वनप्लस भारत में काम करना जारी रखेगा और मिड-रेंज मार्केट में और ज्यादा एक्टिव होने की कोशिश करेगा। वनप्लस नॉर्ड 6 जैसे नए मॉडल भी जल्द लॉन्च होने वाले हैं।
फिलहाल, जब तक कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आता, इन खबरों को अफवाह मानना ही सही होगा। टेक जगत को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में वनप्लस अपनी भविष्य की रणनीतियों को लेकर स्थिति साफ करेगा।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।