
नई दिल्ली: वैसे तो नोटिफिकेशन हमें जरूरी जानकारी देते हैं, लेकिन कभी-कभी ये इतने ज्यादा हो जाते हैं कि सिरदर्द बन जाते हैं। अब दुनिया का सबसे पॉपुलर मैसेजिंग ऐप वॉट्सऐप, इसी परेशानी को कम करने के लिए एक नया फीचर ला रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, एंड्रॉयड यूजर्स के लिए यह फीचर चैट को बेहतर तरीके से ऑर्गनाइज करने और स्पैम कम करने में मदद करेगा।
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, मेटा के मालिकाना हक वाला वॉट्सऐप एक ऐसे सिस्टम पर काम कर रहा है, जो बिजनेस अकाउंट्स से आने वाली चैट्स को अपने आप एक अलग सेक्शन में डाल देगा। इस नए सिस्टम में, बिजनेस मैसेज एक तय समय के बाद मेन इनबॉक्स से हटकर एक खास सेक्शन में चले जाएंगे। इसका मकसद यूजर्स की चैट लिस्ट में भीड़ कम करना और फालतू के स्पैम मैसेज को कंट्रोल करना है।
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है। इसे अभी बीटा टेस्टिंग के लिए भी जारी नहीं किया गया है। उम्मीद है कि भविष्य के किसी अपडेट में यह यूजर्स को मिल जाएगा। जब यह फीचर एक्टिव हो जाएगा, तो यूजर्स बिजनेस अकाउंट्स के साथ होने वाली बातचीत को ज्यादा आसानी से मैनेज कर पाएंगे और अपनी पर्सनल चैट्स पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगे।
इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर उन ऑटोमेटेड बिजनेस अकाउंट्स पर पड़ेगा जो ऑफर्स, प्रमोशन और मार्केटिंग मैसेज भेजते हैं। वॉट्सऐप द्वारा शेयर किए गए एक स्क्रीनशॉट के मुताबिक, यह सिस्टम कुछ इस तरह काम करेगा कि बिजनेस मैसेज मिलने के लगभग 24 घंटे बाद वे अपने आप एक अलग सेक्शन में चले जाएंगे।
यह फीचर उन यूजर्स के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा जो लगातार मार्केटिंग मैसेज से परेशान रहते हैं। इसके अलावा, वॉट्सऐप के हाल में आए कुछ दूसरे अपडेट्स भी काफी काम के हैं। इनमें सबसे खास है यूजरनेम का इस्तेमाल करके किसी से भी जुड़ने की सुविधा, जिसमें फोन नंबर शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ती। इसे प्राइवेसी के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इसके अलावा, ऐसी भी रिपोर्ट्स हैं कि वॉट्सऐप वॉयस और वीडियो कॉल के लिए बिल्ट-इन नॉइज़ कैंसलेशन फीचर की भी टेस्टिंग कर रहा है। यह सिस्टम आसपास के शोर, जैसे ट्रैफिक, हवा या बैकग्राउंड की आवाजों को पहचानकर कम कर देता है, ताकि बात करने वाले की आवाज ज्यादा साफ सुनाई दे। कंपनी को उम्मीद है कि इस तरह के नए फीचर्स वॉट्सऐप को और ज्यादा यूजर-फ्रेंडली और सुरक्षित बनाएंगे।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।