
नई दिल्ली: भारत में बजट और मिड-रेंज सेगमेंट के स्मार्टफोन्स की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। सैमसंग, वीवो, रियलमी, शाओमी, ओप्पो और नथिंग जैसे पॉपुलर ब्रांड्स ने अपने कई फोन मॉडल्स के दाम बढ़ा दिए हैं। इस वजह से, अब लोग नया फोन खरीदने के लिए डिस्काउंट और एक्सचेंज ऑफर्स का इंतजार कर रहे हैं। आइए जानते हैं कि भारत में स्मार्टफोन अचानक महंगे क्यों हो गए हैं।
देश में अलग-अलग स्मार्टफोन मॉडल्स के दाम 1,000 रुपये से लेकर 3,500 रुपये तक बढ़ गए हैं। कुछ फोन तो इससे भी ज्यादा महंगे हुए हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह बढ़ोतरी नए लॉन्च हुए फोन्स में नहीं, बल्कि बाजार में पहले से मौजूद मॉडल्स पर दिख रही है। इसका सबसे ज्यादा असर बजट और मिड-रेंज फोन्स पर पड़ रहा है, जो भारत में सबसे ज्यादा बिकते हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इसी वजह से कई लोग नया फोन लेने के बजाय अपने पुराने फोन को ही ज्यादा समय तक इस्तेमाल करने पर मजबूर हैं। पिछले साल के मुकाबले स्मार्टफोन की बिक्री में भी गिरावट आई है। आमतौर पर जहां एक साल में 13 से 13.5 करोड़ स्मार्टफोन बिकते थे, वहीं 2026 तक यह आंकड़ा घटकर 11.5 से 12 करोड़ तक पहुंच सकता है।
स्मार्टफोन कंपनियों के लिए सप्लाई चेन में फोन बनाने का खर्च (मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट) बढ़ गया है। इसकी एक बड़ी वजह मेमोरी चिप्स (DRAM RAM और NAND फ्लैश स्टोरेज) की कीमतों में बढ़ोतरी है। आजकल AI कंपनियां ग्लोबल मेमोरी सप्लाई का एक बड़ा हिस्सा खरीद रही हैं। डेटा सेंटर्स बनाने के लिए बड़ी मात्रा में इन मेमोरी हार्डवेयर की जरूरत होती है, जिससे स्मार्टफोन कंपनियों के लिए चिप्स की कमी हो गई है और दाम बढ़ गए हैं। जब फोन के पार्ट्स ही महंगे हो गए, तो ब्रांड्स के पास फोन की कीमत बढ़ाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा। जानकारों का मानना है कि अब 15,000 रुपये के बजट में 5G फोन मिलना बहुत मुश्किल हो जाएगा। अगर यही ट्रेंड जारी रहा, तो 5G फोन की शुरुआती कीमत 20,000 रुपये तक पहुंच सकती है। नए स्मार्टफोन्स की बढ़ती कीमतों का फायदा सेकंड-हैंड बाजार को मिल सकता है। माना जा रहा है कि पुराने 5G फोन्स की मांग बढ़ेगी।
नई तकनीक, AI अपडेट्स, साइबर सुरक्षा, स्मार्टफोन लॉन्च और डिजिटल नवाचारों की आसान और स्पष्ट रिपोर्टिंग पाएं। ट्रेंडिंग इंटरनेट टूल्स, ऐप फीचर्स और गैजेट रिव्यू समझने के लिए Technology News in Hindi सेक्शन पढ़ें। टेक दुनिया की हर बड़ी खबर तेज़ और सही — केवल Asianet News Hindi पर।